मंत्री असीम अरूण ने राजकीय आईटीआई कन्नौज में वृहद “अप्रेंटिसशिप जागरूकता कार्यक्रम” किया शुभारम्भ

उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरूण ने जनपद कन्नौज में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में “अप्रेंटिसशिप जागरूकता कार्यक्रम” का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलित कर किया।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि अप्रेंटिसशिप युवाओं के लिए कौशल विकास और उद्योगों में रोजगार का सुनहरा अवसर है। प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि अधिक से अधिक प्रशिक्षु इस योजना से लाभान्वित हों और उद्यमियों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सके। उन्होंने राजकीय आईटीआई कन्नौज के इस सफल आयोजन की विशेष प्रशंसा करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री ने हाल ही में नियोजित 05 प्रशिक्षार्थियों को नियुक्ति पत्र देकर उनका हौसला बढ़ाते हुए ईमानदारी से कड़ी मेहनत करते हुए लगातार आगे बढ़ने की सलाह दी।
संस्थान के प्रधानाचार्य अनुज कुमार मौर्या ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अप्रेंटिसशिप योजना के महत्व से अवगत कराना, उद्योग जगत से जोड़ना और प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों का विस्तार करना है। बड़ी संख्या में आईटीआई प्रशिक्षुओं एवं स्थानीय युवक-युवतियों ने इसमें सहभागिता कर इस संबंध में चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उद्योग प्रतिनिधियों ने भी युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इत्र एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन त्रिवेदी ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि अप्रेंटिसशिप योजना के बारे में वह जनपद के समस्त उद्योगों को अवगत कराएंगे एवं इसको सफल बनाने में हर संभव प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग धन्नजय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सी.पी. अवस्थी, जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा, जिला सेवायोजन अधिकारी अपूर्वा दुबे, सुनील गुप्ता, राजेश कुमार सहित अन्य उद्यमी एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








