जोन 2 के सरसवां अहमामऊ क्षेत्र में अनियोजित कालोनी पर चला एलडीए का बुलडोजर, सुशान्त गोल्फ सिटी में अवैध निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत कालोनियों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को सरसवां अहमामऊ क्षेत्र में अनियोजित कालोनी के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी अमित राठौर ने बताया कि विनोद यादव, आलोक यादव व अन्य, निदेशक-शकुन्तला इन्फ्राटेक प्रा0लि0 द्वारा साईदाता धाम के पीछे, आर. एम. सी. प्लान्ट के सामने, सरसवां, अहमामऊ, थाना-सुशान्त गोल्फ सिटी, लखनऊ पर लगभग 25.00 बीघा क्षेत्रफल में पृथक-पृथक भूखण्ड सृजित करते हुए पक्की-कच्ची सड़के बनाने व सीवर डालने का कार्य किया गया था। विपक्षी द्वारा तालाब/झील की भूमि पर अनाधिकृत कब्जा करके मिट्टी भरकर अनाधिकृत कालोनी विकसित किये जाने पर आज अवर अभियन्ता बिजेन्द्र सिंह, उसमान अली एवं संजय मिश्रा द्वारा थाना-सुशान्त गोल्फ सिटी की पुलिस बल व प्राधिकरण पुलिस बल की सहयोग से प्रश्नगत स्थल पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कालोनी के उक्त विकास कार्यो को बुलडोजर लगाकर ध्वस्त कर दिया गया।

इसके आलावा प्रवर्तन जोन-2 के अंतर्गत विशाल शुक्ला द्वारा सरसवां क्षेत्र के साईदाता रोड पर लगभग 300.00 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड में बिना मानचित्र स्वीकृत कराये पूर्व निर्मित बेसमेन्ट के ऊपर भूतल पर निर्माण कार्य किये जाने पर पुनः सील किया गया।

जोनल अधिकारी अमित राठौर ने बताया कि उक्त अवैध निर्माण के खिलाफ विहित न्यायालय में वाद संख्या-191/2021 योजित करते हुए वर्ष 2021 में उक्त परिसर को सील किया गया था।

 

उपरोक्त सीलबन्द परिसर को सशर्त सीलमुक्त किया गया था, जिसका उल्लघंन पाये जाने पर पूर्व पारित आदेश दिनांक 03.06.2021 के अनुपालन में आज पुनः अवर अभियन्ता बिजेन्द्र सिंह, उसमान अली एवं संजय मिश्रा द्वारा थाना-सुशान्त गोल्फ सिटी की पुलिस बल व प्राधिकरण पुलिस बल की सहयोग से प्रश्नगत स्थल पर कराये गये अनाधिकृत निर्माण को सील करते हुए क्षेत्रीय थाने की अभिरक्षा में दे दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage