स्मारकों की व्यवस्था होगी चाक-चौबंद, 500 मीटर क्षेत्र में एक सफाई कर्मी की तैनाती

स्मारक समिति के सदस्य सचिव डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शुक्रवार को स्मारक समिति के समस्त प्रबन्धक/व्यवस्थापक और सुपरवाइजरों के साथ बैठक की गई।
बैठक में सदस्य सचिव द्वारा समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों को संदेश दिया गया कि लखनऊ की धरोहर स्मारकों को सुरक्षित और साफ-सुथरा रखने के लिए एक सकरात्मक सोच रखना अति आवश्यक है। इसके लिए जरूरी है कि समस्त सुपरवाइजर वर्क मैन्युअल के अनुसार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर उनसे कार्य कराएं।
सदस्य सचिव ने निर्देशित किया कि स्मारकों में साफ-सफाई की व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए हर 500 मीटर क्षेत्र में एक सफाई कर्मी की ड्यूटी लगायी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की कमी होने पर सम्बन्धित बीट के कर्मचारी का वेतन रोकते हुए उसके बर्खास्तगी की कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि समस्त सफाई कर्मचारियों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाए। जिनका समय सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक तथा दोपहर 2 से रात्रि 10 बजे तक रहेगा और माली सुबह 9 से शाम 5 बजे तक कार्य करेंगे।
इस दौरान सदस्य सचिव द्वारा डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर वाह्य क्षेत्र में कार्यदायी संस्था एलडीए की टीम द्वारा डोम, रेलिंग, पत्थर इत्यादि की टूट-फूट का निरीक्षण करके समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने तथा रमाबाई रैली स्थल एवं अन्य सम्बद्ध क्षेत्र में पेड़ों की कटाई-छटाई व वृक्षारोपण का कार्य शीघ्र कराये जाने के निर्देश दिये गये। कार्यों में शीघ्रता के साथ सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी पार्कों/स्मारकों के प्रबन्धकों को रूपया एक लाख तक के अनुरक्षण से सम्बन्धित कार्यों के आगणन (इस्टीमेट) अब मुख्यालय को न भेजकर सीधे मुख्य प्रबन्धक के माध्यम से सक्षम अधिकारी से स्वीकृत करा सकेंगे। उन्होंने डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर वाह्य क्षेत्र में एक पौधों की नर्सरी बनाने के निर्देश दिये। सदस्य सचिव द्वारा समस्त कर्मिकों को अपने कार्यो को पूरी सजगता व निष्ठा के साथ करने के निर्देश दिये गये तथा आवश्यक संसाधनों को उपलब्ध कराने के लिए सम्बन्धित को निर्देशित किया।
बैठक में मुख्य प्रबंधक पवन कुमार गंगवार, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी समेत अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








