LDA VC अक्षय त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने किया जॉगर्स पार्क का निरीक्षण

बसंतकुंज योजना स्थित जॉगर्स पार्क को चाइल्ड फ्रेंडली बनाया जाएगा। इसके लिए पार्क में लगे खेल उपकरणों को सुव्यवस्थित करने के साथ ही आकर्षक झूले भी लगाए जाएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने शनिवार को जॉगर्स पार्क का निरीक्षण कर इस बाबत दिशा-निर्देश जारी किए। इस मौके पर सचिव पवन कुमार गंगवार व मुख्य अभियंता इंदुशेखर सिंह भी उपस्थित रहे।
उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने निरीक्षण में पाया कि पार्क के मुख्य द्वार पर स्थित वॉटर बॉडी और अंदर के रास्ते में कुछ जगह पर टाइल्स उखड़ी हैं। उन्होंने इसे जल्द से जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। उपाध्यक्ष ने कहा कि शहर के अन्य पार्कों की तरह यहां भी पार्क के खुलने और बंद होने का समय निर्धारित किया जाए और इसकी सूचना गेट पर अंकित की जाए।
उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि पार्क में तैनात सफाई कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश रोस्टर से मिले, जिससे कि अवकाश के दिनों में भी सफाई का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके। उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि पार्क में लगी मशीन से कंपोस्ट खाद बनाने का काम शुरू किया जाए, साथ ही सिंचाई और निराई-गुड़ाई का कार्य भी ठीक से कराया जाए। उन्होंने पार्क में लगे लैंप पोस्टों, पैनल बॉक्स और खेल उपकरणों की मरम्मत कर इन्हें सुव्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष ने पार्क की सफाई व अन्य व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए यहां तैनात सहायक/अवर अभियंता एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।








