LDA ने किया गोमतीनगर विस्तार में अवैध निर्मित 4 दुकानों को ध्वस्त, नक्शा नहीं था पास

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी द्वारा लखनऊ शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही जारी रखने के निर्देशों के तहत आज की गई कार्यवाही के विषय में जोन-1 (प्रवर्तन) के जोनल अधिकारी अमित राठौर ने बताया कि कंचन श्रीवास्तव, मुदित कुमार गुप्ता व महेश कुमार गुप्ता द्वारा अवैध रूप से गायत्रीपुरम, गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ पर पूर्व निर्मित पिलिंथ के ऊपर चार दुकानों का निर्माण किया जा रहा था, जिसे सील करा दिया गया था। इस अवैध निर्माण के खिलाफ विहित न्यायालय में वाद संख्या 118/2019 योजित किया गया था।
प्राधिकरण से बगैर नक्शा पास कराये निर्मित किये गये चारों दुकानें पूर्ण रूप से अवैध तथा भू-उपयोग के विपरीत होने के कारण विहित न्यायालय द्वारा दुकानों को ध्वस्त किये जाने का आदेश पारित किया गया।
उक्त आदेश के अनुपालन में आज सहायक अभियन्ता नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता प्रमोद पांडे, इम्तियाज अहमद, सुरेन्द्र द्विवेदी, सुभाश शर्मा, एस.के. सिंह व संजय भाटी द्वारा क्षेत्र की पुलिस बल व प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्तीकरण किया गया।








