मधुबनी: वेब पत्रकार अविनाश की नृशंस हत्याकांड मामले में भारतीय प्रेस परिषद ने लिया संज्ञान

Bihar: मधुबनी के वेब पत्रकार अविनाश की नृशंस हत्याकांड के खिलाफ़ डब्ल्यूजेएआई (WJAI) ने खोला मोर्चा, निष्पक्ष त्वरित अनुसंधान, शीघ्र गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल और मुआवजे की माँग की.
पटना। मधुबनी में निजी अस्पतालों के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले वेब पत्रकार अविनाश झा के अपहरण और नृशंस हत्याकांड की वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) ने घोर भर्त्सना की है। इस संबंध में संगठन ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी और अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग को ज्ञापन भेज कर हत्याकांड की निष्पक्ष और त्वरित अनुसंधान, दोषियों की 24 घंटे अंदर गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने तथा पीड़ित परिवार को उचित और पर्याप्त मुआवजा की माँग की है।
प्राप्त सूचनानुसार मधुबनी के बेनीपट्टी में वेब मीडिया के पत्रकार बुद्धिनाथ झा ऊर्फ अविनाश झा की अधजली बोरे में बंद लाश शुक्रवार 12 नवम्बर की देर रात बेनीपट्टी-बसैठ राजमार्ग संख्या-52 के पास उरेन गांव में पेड़ के नीचे मिली थी। मृतक के भाई चंद्रशेखर झा ने बेनीपट्टी थाना में आवेदन देकर अपने छोटे भाई बुद्धिनाथ झा के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अपने फर्द बेयान में उन्होंने 9 नवंबर की रात से अविनाश के गायब होने की बात कहते हुए कहा है कि किसी गहरी साजिश के तहत बेनीपट्टी के स्थानीय अस्पताल संचालकों ने भाई को लापता कर दिया गया है। अपने आवेदन में कारण बताते हुए उन्होंने कहा है कि बुद्धिनाथ ने विगत कई वर्षों से बेनीपट्टी में फर्जी तरीके से चलाए जाने वाले स्थानीय अस्पताल के खिलाफ मुहिम चला रहा था जिससे वे लोग नाराज थे।
ख़बरों के अनुसार मधुबनी पुलिस ने एक महिला समेत छः लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। WJAI ने हत्प्राण बुद्धिनाथ ऊर्फ अविनाश को वाजिब न्याय के लिए चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है।
भारतीय प्रेस परिषद ने लिया संज्ञान: दिनांक 17-11-2021 पीआर नंबर 30/2021-पीसीआई प्रेस विज्ञप्ति भारतीय प्रेस परिषद अविनाश झा, पत्रकार, मधुबनी, बिहार की मृत्यु पर स्वत: संज्ञान लेती है। नई दिल्ली, 16 नवंबर: भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष न्यायमूर्ति चंद्रमौली कुमार प्रसाद ने मधुबनी स्थित पत्रकार अविनाश झा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर चिंता व्यक्त की है। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ने मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए बिहार सरकार के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से रिपोर्ट मांगी है।

WJAI ने बिहार मुख्य सचिव को लिखा पत्र: WJAI ने बिहार के मुख्य सचिव को मधुबनी स्थित वेब पत्रकार अविनाश झा की मौत पर पत्र लिखकर, उचित कार्यवाही की मांग की है. बिहार मुख्य सचिव ने भी WJAI को दोषियों के खिलाफ उचित कार्यवाही का आश्वाशन दिया है.









