UPCM से भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों ने मुलाकात की

उत्तर प्रदेश।
UPCM शास्त्री भवन में भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों ने मुलाकात की। उत्तर प्रदेश से सम्बद्ध विदेश सेवा के यह अधिकारी एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत यहां आए हैं। भेंट के दौरान अधिकारियों ने विदेशों में उत्तर प्रदेश के प्रमोशन की इच्छा जताते हुए अपने सुझाव दिए तथा इस सम्बन्ध में राज्य सरकार के सहयोग का अनुरोध किया।
UPCM ने कहा कि विदेश सेवा के इन अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों और विशिष्टताओं के सम्बन्ध में उपलब्ध काॅफी टेबल बुक, अन्य साहित्य, प्रचार सामग्री आदि उपलब्ध करायी जाए। साथ ही, उन्होंने सभी भारतीय दूतावासों में प्रदेश के प्रचार-प्रसार से सम्बन्धित सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

UPCM ने राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के समग्र विकास के लिए उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था में अत्यधिक सुधार हुआ है, जिससे उत्तर प्रदेश निवेश के सबसे अच्छे गंतव्य के रूप में उभरकर सामने आया है। UP-इन्वेस्टर्स समिट-2018 की सफलता, डिफेन्स काॅरीडोर, ODF योजना, स्वच्छ भारत मिशन में प्रदेश की उपलब्धियों आदि का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश तीव्र औद्योगिक विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों के साथ बेहतर सम्बन्ध स्थापित करने के लिए NRI विभाग का गठन किया गया है।

UPCM ने कहा कि उत्तर प्रदेश की संस्कृति अत्यन्त वैविध्यपूर्ण है। प्राकृतिक, आध्यात्मिक और खान-पान की दृष्टि से यह प्रदेश बेहद समृद्ध और सभी के लिए आकर्षण का केन्द्र है। वर्ष 2019 में प्रदेश में प्रयाग कुम्भ तथा प्रवासी भारतीय दिवस के रूप में 02 बड़े आयोजन सम्पन्न हो रहे हैं। राज्य सरकार इन आयोजनों के माध्यम से देश-विदेश में उत्तर प्रदेश की विशिष्ट छवि प्रस्तुत करने के लिए प्रयत्नशील है। कुम्भ धार्मिक आयोजन के साथ ही भारत की एकात्मकता और विश्व बन्धुत्व की भावना का प्रतीक है। प्रयाग कुम्भ-2019 में सभी देशों के राजदूतों/उच्चायुक्तों को आमंत्रित किया जाएगा। राज्य सरकार का प्रयास रहेगा कि प्रयाग कुम्भ में देश के सभी गांवों के लोगों और सभी देशों के नागरिकों की भागीदारी हो। प्रवासी भारतीय दिवस के वृहद आयोजन के लिए भी प्रदेश सरकार प्रयासरत है।
UPCM से भारतीय विदेश सेवा के राजकुमार, ईशा श्रीवास्तव, शशांक विक्रम, राज गोपाल सिंह, निहारिका सिंह और मयंक सिंह ने भेंट की।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव नियुक्ति मुकुल सिंघल, सचिव मुख्यमंत्री मृत्युंजय कुमार नारायण और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








