UPCM मंत्रिमंडल के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक की

उत्तर प्रदेश।
UPCM मंत्रिमंडल के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने योजना भवन में प्रदेश के 08 महत्वाकांक्षी जनपदों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी/मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आशाओं के मानदेय का पूर्ण भुगतान सुनिश्चित किया जाए, साथ ही आशाओं को प्रति माह औसतन 2500 से 3000 रुपये दिया जाय, जिससे योजनाओं की धीमी प्रगति को गति मिल सके। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी महत्वाकांक्षी जिलों में रिक्त पदों पर नए डॉक्टर्स की पोस्टिंग की जा चुकी है, लेकिन अभी भी कुछ पद रिक्त हैं. इन रिक्त पदों को भी जल्द भरने का प्रयास किया जा रहा है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी इस बात को सुनिश्चित करें कि जो भी नए डॉक्टर्स इन महत्वाकांक्षी जिलों में भेजे गए हैं वह अपना कार्यभार ग्रहण करें और उन्हें पूर्ण सहयोग प्रदान करें।
UPCM मंत्रिमंडल के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने प्रधानमंत्री द्वारा चिन्हित 08 महत्वाकांक्षी जिलों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे अपने दायित्यों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि योजनाओं के संचालन में लापरवाही पाये जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कतिपय जनपदों में डाटा फीडिंग कार्य की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने निर्देश दिये कि जनपदों में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित डाटा फीडिंग का कार्य प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशकों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने अधीन जनपदों के राजकीय चिकित्सालयों का निरीक्षण कार्यक्रम तैयार करें और निरीक्षण के दौरान संचालित योजनाओं की प्रगति समीक्षा भी करें।
इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि जिन-जिन जिलों में जन औषधि केंद्र खुल चुके हैं, वहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जन औषधि केन्द्रों में दवाइयों की कमी नहीं होनी चाहिए।
समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रशांत त्रिवेदी, सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वी. हेकाली झिमोमी, प्रबंध निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पंकज कुमार, विशेष सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जी.एस. नवीन कुमार, नीरज शुक्ल, उमेश कुमार मिश्र, महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य पद्माकर सिंह सहित अपर निदेशक एवं चिन्हित 08 महत्वाकांक्षी जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।








