प्रवर्तन जोन-2 में दो अवैध निर्माण सील, बाकी पर रहम…

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को औरंगाबाद जागीर, बिजनौर क्षेत्र में दो अवैध निर्माण सील किये गये।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी अमित राठौर ने बताया कि आलम सिद्दीकी व इमरान द्वारा एच.पी. पेट्रोल पम्प के सामने, औरंगाबाद रायल सिटी, औरंगाबाद जागीर, बिजनौर रोड पर बगैर मानचित्र स्वीकृत कराये गये लगभग 3000 वर्गफुट क्षेत्रफल के भूखण्ड में लोअर ग्राउण्ड फ्लोर की स्लैब डालकर प्रथम तल पर स्लैब हेतु शटरिंग का कार्य कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-172/2022 योजित करते हुए परिसर को सील किये जाने के आदेश दिये गये थे।
इसके अलावा लाल चन्द्र उपाध्याय द्वारा स्पीड कार वास के बगल पूर्वी दिशा में, एच.पी. पेट्रोल पम्प के निकट, औरंगाबाद जागीर, बिजनौर रोड पर लगभग 240.00 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड में बिना मानचित्र स्वीकृत कराये पूर्व निर्मित एवं प्रथम तल पर चिनाई/प्लास्टर का कार्य किया गया था। इस अवैध निर्माण के खिलाफ विहित न्यायालय में वाद संख्या-170/2022 योजित करते हुए सील किये जाने के आदेश दिये गये।
उपरोक्त आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए क्षेत्रीय अभियंताओं द्वारा दोनों अवैध निर्माणों को प्राधिकरण पुलिस बल व क्षेत्रीय थाने की पुलिस बल की सहायता से सील कर दिया गया।










