ग्राम्य विकास मंत्री डा. महेन्द्र सिंह ने 15 विभागीय अधिकारियों को मनचाही तैनाती दी
लखनऊ (27 जून, 2019)।
ग्राम्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री डा. महेन्द्र सिंह ने गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्राम्य विकास विभाग के प्रथम व द्वितीय श्रेणी के 15 अधिकारियों को उनकी मनचाही जगह पर तैनाती के लिए पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों का स्थानान्तरण परफार्मेन्स के आधार पर पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया है। उन्होंने कहा कि ये अधिकारी अपने तैनाती स्थल पर तत्काल पहुंचकर विभागीय कार्य शुरू करेंगे और तीन महीने के बाद इनके कार्यों की पुनः समीक्षा होगी।
ग्राम्य विकास मंत्री डा. महेन्द्र सिंह अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए
उत्तर प्रदेश ग्राम सड़क विकास अभिकरण के सभागार में विभिन्न जनपदों से बुलाये गये अधिकारियों को स्थानान्तरण पत्र सौंपते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों ने सराहनीय कार्य किया है, जिसके फलस्वरूप ग्राम्य विकास विभाग पूरे देश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। अधिकारियों द्वारा बेहतर कार्य करने के कारण उनको उनकी इच्छा के अनुसार विभिन्न जनपदों में तैनाती दी गयी है। इस स्थानान्तरण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता, शुचिता तथा पवित्रता बरती गयी है। मनचाही पोस्टिंग से अधिकारियों का मनोबल बढ़ेगा और कार्य क्षमता में वृद्धि भी होगी।
जिन अधिकारियों का उनकी इच्छा के अनुसार मनचाही जगह स्थानान्तरण किया गया है उनमें बलराम कुमार जिला विकास अधिकारी शामिली को परियोजना निदेशक D.R.D.A. मथुरा, लालजी यादव P.D. फर्रूखाबाद को उपायुक्त स्वतः रोजगार फतेहपुर, राजेश कुमार पी.डी. श्रावस्ती को D.D.O. बिजनौर, रामायण सिंह यादव डी.सी. श्रम रोजगार कासगंज को पी.डी. डी.आर.डी.ए. कासगंज, दिनेश कुमार यादव डी.सी. स्वतः रोजगार गोण्डा को पी.डी. डी.आर.डी.ए. कानपुर देहात बनाया गया।
इसी प्रकार अशोक कुमार मौर्य डी.सी. श्रम रोजगार, बिजनौर को D.D.O. प्रयागराज, करूणापति मिश्र डी.सी. स्वतः रोजगार सोनभद्र को डी.डी.ओ. औरैया, बाल गोविन्द शुक्ला डी.सी. स्वतः रोजगार महोबा को पी.डी. डी.आर.डी.ए. वाराणसी, राजमणि वर्मा डी.सी. श्रम रोजगार लखनऊ को पी.डी. डी.आर.डी.ए. फर्रूखाबाद, रामसिंह डी.सी. स्वतः रोजगार बलिया को पी.डी. डी.आर.डी.ए. गोरखपुर, अरूण कुमार उपाध्याय डी.सी. स्वतः रोजगार अमरोहा को D.D.O. मुजफ्फरनगर स्थानान्तरित किया गया।
ग्राम्य विकास मंत्री डा. महेन्द्र सिंह D.C. राजमणि वर्मा को तैनाती के लिए पत्र सौंपाते हुए
इसके अलावा तेजभान सिंह डी.सी. श्रम रोजगार प्रयागराज को डी.सी. श्रम रोजगार सोनभद्र, महेन्द्र कुमार पाण्डेय डी.सी. स्वतः रोजगार को डी.सी. श्रम रोजगार लखनऊ, सुनील कुमार तिवारी डी.सी. श्रम रोजगार भदोही को डी.सी. स्वतः रोजगार बाराबंकी और राजकुमार लोधी डी.सी. श्रम रोजगार झांसी को डी.सी. स्वतः रोजगार आगरा बनाया गया।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास अनुराग श्रीवास्तव ने कहा है कि यह स्थानान्तरण अधिकारियों को उनके कार्य के आधार पर किया गया है। स्थानान्तरण नीति से अच्छादित अधिकारियों को परफार्मेन्स इंटिकेटर तैयार किया गया था। इस आधार पर उनके पसन्द के जनपदों में तैनाती दी गयी है।
इस मौके पर विशेष सचिव ग्राम्य विकास अक्षयलाल सिंह यादव व शिबु, विशेष कार्याधिकारी डा. हरिश्चन्द्र और डा. अम्बरीश कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।