LDA उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, शहीद पथ व कानपुर रोड का किया निरीक्षण

लखनऊ। आगामी जी-20 सम्मेलन के दृष्टिगत होने वाले कार्यों के सम्बंध में लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, शहीद पथ, कानपुर रोड व एयरपोर्ट कनेक्टिंग रोड समेत सम्बंधित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उपाध्यक्ष ने साफ-सफाई, अवैध अतिक्रमण/कब्जों को हटाने और हाॅर्टीकल्चर वर्क को व्यवस्थित करने के निर्देश दिये।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तीन दिन के अंदर सफाई व्यवस्था दुरूस्त कराने तथा गेट नंबर-2 के पास अवैध रूप से लगी चाय की दुकान को तत्काल हटाने के निर्देश दिये। उन्होंने पिकअप भवन रोड/फ्लाईओवर पर गंदगी व वाहनों की रगड़ से रेलिंग पर पड़े निशानों की सफाई कराने के निर्देश दिये। वहीं, शहीद पथ पर निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि हरित पट्टी को सुव्यवस्थित करके तारों के स्थान पर रेलिंग लगायी जाए। उन्होंने कहा कि शहीद पथ की सर्विस लेन पर क्षतिग्रस्त सड़कों को तुरंत चिन्हित करके ठीक करा लिया जाए। साथ ही शहीद पथ की दीवारों पर जगह-जगह निजी लोगों/संस्थानों द्वारा करायी गयी वाॅल पेन्टिंग को हटाकर नयी पेन्टिंग करायी जाए। उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि शहीद पथ के किनारे जगह-जगह उगी झाड़ियों को तय समय में हटा लिया जाए। इसमें यह विशेष ध्यान रखा जाए कि हाॅर्टीकल्चर वेस्ट को जलाया न जाए, बल्कि कूड़े को एक स्थान पर एकत्रित करके निस्तारित किया जाए।
वहीं, गोमती नगर विस्तार में निरीक्षण के दौरान कुछ जगहों पर अवैध निर्माण प्रचलित पाये गये, जिस पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इसी तरह सुल्तानपुर रोड पर प्राधिकरण की अर्जित भूमि पर अवैध रूप से बनी बाउंड्रीवाॅल/निर्माणों के खिलाफ कार्यवाही करने के आदेश दिये गये। उन्होंने कहा कि सर्विस लेन पर अवैध रूप से लगी पटरी दुकानों, ठेलों व गुमटी आदि को विशेष अभियान चलाकर हटाया जाए। इसके अलावा शहीद पथ से रायबरेली रोड व सर्विस लेन से एल्डिको को जाने वाले मार्ग की तरफ कई अवैध दुकानें/अतिक्रमण पाये गये, साथ ही खाली पड़े आवासीय भूखण्डों पर गिट्टी, मौरंग व सरिया आदि की दुकानें पायी गयीं। इस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित अधिकारियों को नियमानुसार नोटिस जारी करके कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
इस क्रम में कानपुर रोड से एयरपोर्ट को जाने वाले मार्ग पर जर्जर हो चुके पाथ-वे व दीवारों को ठीक कराने के निर्देश दिये गये। निरीक्षण में मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी, विशेष कार्याधिकारी डी0के0 सिंह, अधीक्षण अभियंता ए0के0 सिंह, अधिशासी अभियंता जोन-2 अवनीन्द्र कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता जोन-1 के0के0 बंसला, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार गुप्ता एवं राजकुमार समेत अन्य अधिकारी व अभियंता गण उपस्थित रहे।








