#LDA VC ने आगामी जी-20 सम्मेलन के दृष्टिगत शहर में कराये जा रहे कार्यों के सम्बंध में समीक्षा बैठक की

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने आगामी जी-20 सम्मेलन के दृष्टिगत शहर में कराये जा रहे कार्यों के सम्बंध में शुक्रवार को समीक्षा बैठक की। इसमें सचिव पवन कुमार गंगवार, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी, जोनल अधिकारी अरूण कुमार सिंह, रामशंकर व देवांश त्रिवेदी समेत समस्त अधिशासी अभियंता, आर्किटेक्ट, आर्टिस्ट एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने विभिन्न क्षेत्रों में कराये जा रहे निर्माण, विकास, सौंदर्यीकरण एवं हाॅर्टीकल्चर के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तलब करते हुए कार्यों को पूर्ण करने की टाइम लाइन निर्धारित की। उपाध्यक्ष ने ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिये कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थल निरीक्षण में किसी भी तरह की लापरवाही पाये जाने पर सम्बंधित का भुगतान रोकने के साथ ही संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि जिन जगहों पर सड़क सुदृढ़ीकरण/नवीन सड़क बनाने का कार्य होना है, वहां सम्बंधित क्षेत्र के अभियंता स्वयं उपस्थित होकर अपने सामने कार्य पूर्ण कराएं। इसमें यह विशेष ध्यान रखा जाए कि सम्बंधित मार्ग पर डिवाइडर व रेलिंग आदि की पुताई का कार्य सड़क के निर्माण/ सुदृढ़ीकरण के उपरांत ही कराया जाए। उन्होंने कहा कि अमौसी एयरपोर्ट से लेकर कानपुर तिराहे तक सड़क सुदृढ़ीकरण/नवीन सड़क बनाने के कार्य में ट्रैफिक की बाधा न आए, इसके लिए पुलिस उपायुक्त, यातायात से समन्वय स्थापित करके जरूरत अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करा ली जाए। इसके अतिरिक्त एयरपोर्ट से कानपुर तिराहे तक कर्ब स्टोन, फुटपाथ, डिवाइडर के मरम्मत का कार्य कराने के साथ ही वाॅल पेन्टिंग के लिए दीवारों पर बेस बनाने का कार्य भी साथ में करा लिया जाए।

औद्यानिक कार्य की समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि जिन जगहों पर झाड़ियों की सफाई का कार्य होना है, वहां सम्बंधित ठेकेदार ही हाॅर्टीकल्चर वेस्ट का निस्तारण कराएगा। इसमें ठेकेदार को झाड़ियों की सफाई के साथ ही उक्त स्थान पर स्लोप व ड्रेसिंग का कार्य भी कराना होगा। उपाध्यक्ष ने कहा कि सी0जी0 सिटी व अंसल क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य 10 दिन के अंदर पूर्ण करा लिया जाए, साथ ही बिजली के खम्भों की सफाई का कार्य भी सम्बंधित ठेकेदार से करवाया जाए। उपाध्यक्ष ने आर्किटेक्ट्स को निर्देश दिये कि जिन जगहों पर म्यूरल्स, वाॅल पेन्टिंग, स्कल्पचर एवं लाइटिंग आदि का कार्य होना है, उसकी फाइनल थीम/डिजाइन के सम्बंध में आर्टिस्टों को ब्रीफ करने के साथ ही स्थल पर उपस्थित होकर कार्य पूर्ण कराने में सहयोग दें। इसके अलावा उन्होंने प्रवर्तन जोन-1, 2 एवं 6 के जोनल अधिकारियों को अवैध निर्माण/अतिक्रमणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही जारी रखने के निर्देश दिये।

Related Articles

Back to top button
btnimage