एलडीए ने गोमती नगर के विपुल खण्ड में एक अवैध निर्माण सील किया

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शनिवार को प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने गोमती नगर के विपुल खण्ड में एक अवैध निर्माण को सील किया।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि सुषमा सत्संगी व अन्य द्वारा गोमती नगर के विपुल खण्ड में भूखण्ड संख्या-बी-1/27 पर प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र के विपरीत सेट बैक को कवर्ड करते हुए निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए परिसर को पूर्व में सील कराया गया था। वर्तमान में विपक्षी द्वारा स्थल पर चोरी-छुपे निर्माण/फिनिशिंग का कार्य कराते हुए बिल्डिंग को अध्यासित करने का प्रयास किया जा रहा था। जिस पर निर्माण कार्य को पुनः सील करने के आदेश दिये गये थे। जिसके अनुपालन में सहायक अभियंता उदयवीर सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता संजय भाटी व आशीष श्रीवास्तव द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से बिल्डिंग को सील कर दिया गया।








