#LDA News : गोमती नगर में दो अवैध व्यवसायिक निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को गोमती नगर में अभियान चलाकर दो अवैध निर्माण सील किये गये।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि प्रबन्धक, हेवन ग्राण्ड व अन्य द्वारा गोमती नगर के विक्रान्त खंड में भूखण्ड संख्या-बी-2/21 पर व्यावसायिक उपयोग हेतु अनाधिकृत निर्माण किया गया था।
इसके अतिरिक्त शोभावती व अन्य द्वारा विनय खण्ड, गोमतीनगर के आवासीय भूखण्ड संख्या-बी-3/44 पर व्यावसायिक गतिविधियां प्रारम्भ करने के उद्देश्य से बेसमेण्ट, भूतल, प्रथम तल एवं द्वितीय तल का निर्माण करते हुए फिनिशिंग आदि का कार्य कराया जा रहा था।
इन सभी के विरुद्ध विहित न्यायालय में वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे।

उक्त आदेशों के अनुपालन में सहायक अभियंता अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता इम्तियाज अहमद, सुरेन्द्र द्विवेदी और विपिन बिहारी राय द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से दोनों अवैध निर्माणों को सील करते हुए पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।








