जानिए कब और कहाँ एलडीए कालोनियों में लगाया जाएगा मानचित्र कैम्प

लखनऊ विकास प्राधिकरण अब कालोनियों में कैम्प लगाकर जन सामान्य को भवनों के मानचित्र स्वीकृत कराने के सम्बंध में जागरूक करेगा। साथ ही इस कैम्प में मानचित्र सम्बंधी समस्याओं का निराकरण भी किया जाएगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी की पहल पर अगले सप्ताह से इस शिविर का शुभारंभ किया जा रहा है।
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ विकास प्राधिकरण में शासन द्वारा लागू यू0पी0ओ0बी0पी0एस (उत्तर प्रदेश आनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम) साॅफ्टवेयर के माध्यम से मानचित्रों का निस्तारण किया जा रहा है। संज्ञान में आया है कि मानचित्रों को सिस्टम में अपलोड करने एवं अन्य औपचारिकताएं पूर्ण करने में जन सामान्य को कुछ दिक्कतें आ रही हैं। लिहाजा मानचित्रों को यू0पी0ओ0बी0पी0एस पर अपलोड करने और अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए शहर की विभिन्न कालोनियों में कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा इस कैम्प के माध्यम से लोगों को भवनों के मानचित्र स्वीकृत कराने के सम्बंध में भी जागरूक किया जाएगा।
उपाध्यक्ष ने बताया कि कैम्प में मानचित्र के समस्त अधिकारी/कर्मचारी और यू0पी0ओ0बी0पी0एस के कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। जिनके द्वारा जन सामान्य को सिस्टम पर मानचित्रों को अपलोड करने समेत अन्य सम्बंधी जानकारी दी जाएगी।
मुख्य नगर नियोजक नितिन मित्तल ने बताया कि शिविर का आयोजन सुबह 11ः00 से दोपहर 02ः00 बजे तक किया जायेगा। उन्होंने बताया कि दिनांक 18.07.2022 को लाॅ कालेज के सामने एलडीए पार्किंग स्थल, सेक्टर-जी, कानपुर रोड योजना में शिविर लगाया जायेगा। दिनांक 19.07.2022 को सामुदायिक केन्द्र, विवेक खण्ड, गोमतीनगर में कैम्प लगेगा। दिनांक 20.07.2022 को सामुदायिक केन्द्र, सेक्टर-एच, जानकीपुरम में शिविर लगेगा। दिनांक 21.07.2022 को सामुदायिक केन्द्र, सेक्टर-एच, अलीगंज में मानचित्र कैम्प लगेगा। इसके बाद दिनांक 22.07.2022 को जागर्स पार्क, बसंतकुंज, हरदोई रोड योजना में शिविर का आयोजन किया जायेगा।








