प्रवर्तन जोन-1 के विराज खण्ड और विराम खण्ड में एक-एक अवैध निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने सोमवार को गोमती नगर में अभियान चलाकर विराज खण्ड और विराम खण्ड में एक-एक अवैध निर्माण सील किये।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुष्पा जायसवाल व अन्य द्वारा भूखण्ड संख्या-2/161, विराज खण्ड, गोमतीनगर में लगभग 2400 वर्गफुट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर सेटबैक प्रभावित करते हुए भूतल तथा प्रथम तल पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या 270/2022 योजित किया गया था।
वहीं, धर्मेन्द्र सिंह व अन्य द्वारा विराम खण्ड के भूखण्ड संख्या-3/402 पर लगभग 120 वर्गमीटर क्षेत्रफल में सेटबैक कवर्ड करते हुए बेसमेण्ट का निर्माण कर भूतल पर आर.सी.सी कॉलम का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-757/2022 योजित किया गया था।
जोनल अधिकारी ने बताया कि उक्त दोनों प्रकरण में विपक्षियों द्वारा निर्माण के सम्बंध में कोई स्वीकृत मानचित्र/साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया तथा स्थल पर चोरी-छुपे निर्माण कार्य भी जारी रखा गया। इसके चलते विहित न्यायालय द्वारा प्रश्नगत स्थलों को सील किये जाने के आदेश पारित किये गये थे। उक्त आदेशों के अनुपालन में आज अवर अभियंता इम्तियाज अहमद, सुभाष शर्मा व सुरेन्द्र द्विवेदी द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल, गोमती नगर विस्तार थाने की पुलिस व पी0ए0सी0 बल के सहयोग से दोनों अवैध निर्माणों को सील किया गया।








