लखनऊ निवेशक सम्मेलन में दी जाएगी सरकार की नीतियों व प्रक्रियाओं की जानकारी

लखनऊ।

फरवरी में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के परिप्रेक्ष्य में जिला प्रशासन और इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) लखनऊ चौप्टर द्वारा 10 जनवरी 2023 को इंदिरा गाँधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में एक दिवसीय लखनऊ निवेशक सम्मेलन का आयोजन किया जा रह है। इसके मुख्य अतिथि माननीय उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार ब्रजेश पाठक होंगे। इस सम्बंध में सोमवार को लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार व इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन (लखनऊ चैप्टर) के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता में लखनऊ निवेशक सम्मेलन के दौरान होने वाले कार्यक्रमो के सम्बंध में जानकारी दी।

लखनऊ निवेशक सम्मेलन के विषय में जानकारी देते हुए लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया, माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व व मार्ग निर्देशन में उत्तर प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन दिनांक 10 फरवरी से 12 फरवरी तक होना है और उसी दिशा में हम लोगों ने यहां लखनऊ में लोकल इन्वेस्टर्स के लिए लखनऊ निवेशक सम्मेलन का आयोजन दिनांक 10 जनवरी 2023 को किया जा रहा है। इस सम्मेलन में जो भी प्रोस्पेक्टिव इन्वेस्टर हैं, उनके लिए वर्कशॉप रखी गई है। इन वर्कशॉप्स में इंटेंट ऑफ इन्वेस्टमेंट से लेकर निवेश के सम्बंध में निर्माण कार्य होने तक उनका दिशा-निर्देशन व सहयोग कैसे किया जाएगा, इस सम्बंध में जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन के लिए इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन (लखनऊ चैप्टर), सीआईआई, फिक्की है और पीएचडी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अलावा जितने भी एमएसएमई संगठन और उद्योग बंधु समिति सभी का सहयोग लिया जा रहा है।

डीएम लखनऊ ने बताया, लखनऊ निवेशक सम्मेलन के दौरान डिटेल वर्कशॉप के दौरान 4 सेशन होंगे, जिसके लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। यह नोडल अधिकारी निवेशकों को सरकार की सभी औद्योगिक नीतियों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी देंगे। इस दौरान निवेशकों को इण्डस्ट्री लगाने के लिए शुरू से अपनाये जाने वाली प्रक्रियाओं के संबंध में जानकारी दी जाएगी। सब्सिडी की प्रक्रियाएं क्या है, यह भी जानकारी उपलब्ध कराई जाएंगी।

लखनऊ निवेश सम्मेलन की शुरुआत मोहित सूरी, चेयरमैन, आईआईए लखनऊ द्वारा स्वागत संबोधन एवं कार्यक्रम की रूप-रेखा का प्रस्तुतीकरण के साथ होगी। मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का स्वागत सम्बोधन एवं कार्यक्रम की रूपरेखा का प्रस्तुतीकरण आईआईए प्रेसीडेन्ट अशोक अग्रवाल द्वारा किया जाएगा।

सूर्यपाल गंगवार, जिलाधिकारी लखनऊ व उनकी टीम द्वारा जनपद लखनऊ में औद्योगिक प्रोत्साहन की दिशा में किये जा रहे प्रयास तथा एमएसएमई पॉलिसी-2022, औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति 2022, टेक्सटाइल्स पॉलिसी 2022, फार्मास्यूटिकल्स नीति 2018, निर्यात प्रोत्साहन नीति 2020-25, उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति 2022 का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।

रिया केजरीवाल, मुख्य विकास अधिकारी व उनकी टीम द्वारा जनपद लखनऊ में औद्योगिक प्रोत्साहन की दिशा में किये जा रहे प्रयास तथा उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण नीति 2017, उत्तर प्रदेश डेयरी फार्म विकास एवं डेयरी उत्पाद प्रोत्साहन नीति 2022, उत्तर प्रदेश जैव ऊर्जा नीति 2022, उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति 2022, उत्तर प्रदेश कुक्कुट विकास नीति-2022 का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।

इन्द्रमणि त्रिपाठी, उपाध्यक्ष, लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा जनपद लखनऊ में औद्योगिक प्रोत्साहन की दिशा में किये जा रहे प्रयास तथा उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति 2022, उत्तर प्रदेश वेयर हाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स नीति 2018, उत्तर प्रदेश चिकित्सा महाविद्यालयों में निजी निवेश योजना 2022, उत्तर प्रदेश फिल्म नीति 2018 का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।

इस एक दिवसीय निवेशक सम्मेलन के दौरान जनपद लखनऊ में औद्योगिक प्रोत्साहन की दिशा में किये जा रहे प्रयास तथा उद्यम स्थापना के विस्तार से सम्बन्धित विभागीय अनापत्ति, स्वीकृति एवं सहमति प्रदान किये जाने से सम्बन्धित विभागों द्वारा मौके पर उद्यमियों को अपेक्षित जानकारी प्रदान करना एवं समस्याओं का निस्तारण का कार्य श्री हिमांशु गुप्ता, अपर जिलाधिकारी, वित्त एवं राजस्व, लखनऊ व उनकी टीम करेगी।

Related Articles

Back to top button
btnimage