8वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के लिए गाजियाबाद सीडीओ ने की बैठक

उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जनपद गाजियाबाद में राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जन सामान्य को योगाभ्यास से जोड़ने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में हिंदी भवन लोहिया नगर गाजियाबाद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बैठक में योगाभ्यास की तैयारियों व आयोजनों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने योग के महत्व को बताते हुए कहा कि योग जहां एक और मानव के स्वास्थ्य को स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपयोगिता है वहीं दूसरी ओर कहा कि वसुधैव कुटुंबकम की भावना को मजबूती प्रदान करने वाला तथा पूरी मानवता को एक साथ जोड़ने के एक सशक्त माध्यम के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक संगठन, औद्योगिक संगठन, आरडब्लूए आदि के पदाधिकारियो से आह्वान करते हुए कहा कि वह अपने-अपने घर के सदस्यों एवं अन्य लोगों को योग करने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा को ध्यान में रखते हुए वसुधैव कुटुंबकम की भावना को मजबूती प्रदान करने एवं मानव कल्याण के उद्देश्य से इस बार सभी गांव में अधिक से अधिक लोगों को योग से जुड़ने के लिए क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधानों को अमृत योग सप्ताह आयोजित किया जा रहा है एवं अष्टम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में आवश्यक रूप से सम्मिलित किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जनपद में विभिन्न स्थलों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसको सफल बनाने के लिए अभी से सभी तैयारियां प्रारम्भ कर दी जाएं।
उन्होंने आयुर्वेद अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों से समन्वय बनाकर इसकी कार्ययोजना तैयार करें ताकि जनपद में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम के दिन योगाभ्यास से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि योग दिवस के दिन जिला मुख्यालय, तहसील, ब्लाँक, ग्राम पंचायत आदि महत्वपूर्ण स्थलों पर योग दिवस का आयोजन किया जायेगा। जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने समस्त जिला स्तरीय अधिकारी गण को निर्देश दिए कि आपस में समन्वय बनाकर योग दिवस पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं और इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक संगठनों आदि के युवक, युवतियों को भी प्रतिभाग कराया जाय।मुख्य विकास अधिकारी ने आयुर्वेद अधिकारी को निर्देश दिया कि वे विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना तैयार करें, ताकि इस कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।
सीडीओ ने निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में 08 लाख लोगों को योग से जोड़ना है तथा उनकी उपस्थिति रजिस्टर पर भी दर्ज की जाए। बैठक में व्यापारिक, इंडस्ट्रियल एसोसिएशन व आरडब्ल्यूए संगठन अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आगामी योग महोत्सव को लेकर वह लोग अपने-अपने स्तर पर हर संभव तैयारी में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम को भव्य बनाया जा सके इसके लिए वह अपने-अपने संगठन के पदाधिकारियों, आमजन, व्यापारियों, इंडस्ट्रियल सोसाइटी में लोगों से संपर्क साध रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने इस अवसर पर यह भी आह्वान किया कि सरकार के आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि हर घर तिरंगा झंडा लगाये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में भी संबंधित अधिकारियों द्वारा माइक्रो प्लान तैयार करते हुए कार्यवाही की जाए ताकि जनपद के सभी घरों पर सरकार की मंशा के अनुरूप राष्ट्रीय ध्वज लहराए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास, अपर जिलाधिकारी नगर बिपिन कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए पीएन दीक्षित, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप दीक्षित, बेसिक शिक्षा अधिकारी बृज भूषण चौधरी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमर जीत सिंह, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक संगठन, औद्योगिक संगठन, आरडब्लूए आदि के पदाधिकारियो एवं जिला स्तरीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।







