बेटियों ने रंगोली में उतारे देश की विविधता के रंग, 184 छात्राओं व शिक्षिकाओं ने लिया हिस्सा

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में 34 स्कूल-काॅलेजों की 184 छात्राओं व शिक्षिकाओं ने लिया हिस्सा

आजादी के अमृत महोत्सव की थीम पर छात्राओं ने दिखायी सतरंगी कलाकारी, देश के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित ज्यूपिटर हाॅल में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न स्कूल-काॅलेजों की छात्राओं व शिक्षिकाओं ने जहां एक ओर रंगोली में देश की विविधता के रंग उतारे, वहीं दूसरी तरफ सतरंगली कलाकारी से देश के शहीदों व महानुभावों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मण्डलायुक्त, लखनऊ डाॅ रोशन जैकब, लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने बच्चों का उत्साहवर्द्धन किया।

अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि रंगोली प्रतियोगिता में 21 माध्यमिक स्कूलों की 109 छात्राओं, 9 डिग्री काॅलेजों की 48 छात्राओं व चार प्राइमरी स्कूलों की 27 शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया। प्राधिकरण द्वारा ज्यूपिटर हाॅल के बाहरी परिसर में पैसेज बनाये गए थे, जिसमें छात्राओं ने 58 अलग-अलग रंगोली बनायी। इसमें काकोरी ट्रेन एक्शन, 1857 की क्रांति, शहीद स्मारिका व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की छवि उकेरी गयी। साथ ही विश्व पटल पर आज के भारत की मजबूत स्थिति को भी रंगोली के रंगों में संजोया गया। विशेष कार्याधिकारी डी0के0 सिंह ने बताया कि जजों के पैनल द्वारा सभी रंगोली का निरीक्षण करके ग्रेड दिये गए हैं। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शिक्षण संस्थानों व बच्चों को अमृत कार्निवल में पुरस्कृत किया जाएगा।

चित्रकला, निबंध और कविता प्रतियोगिता भी हुई
नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के एडमिन ब्लाॅक में चित्रकला, निबंध और कविता प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के बच्चों द्वारा प्रतिभाग किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों द्वारा स्वतंत्रता की थीम पर आकर्षक पेन्टिंग बनायी गयी और राष्ट्रीय एकता की थीम पर निबंध और कविताओं का लेखन किया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage