अयोध्या में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दौरे को लेकर सीएम योगी ने की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री ने श्री हनुमानगढ़ी मन्दिर तथा श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में दर्शन-पूजन किया, श्रीराम मन्दिर परिसर में निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की

राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाए : मुख्यमंत्रीरेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टेशन एवं टैक्सी स्टैण्ड पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए, वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाएआगामी रामनवमी पर्व पर जनपद में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंरामनवमी अयोध्या के प्रमुख पर्वों में से एक, श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद अयोध्या में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं। सुरक्षा, साफ-सफाई, आगन्तुकों के प्रवास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। राष्ट्रपति के आगमन मार्ग पर प्रत्येक 500 मीटर की दूरी पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए तथा इन स्थलों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति के स्वागत के लिए स्कूली बच्चे तिरंगा लेकर उपस्थित रहेंगे। मंच पर उपस्थित लोगों की सूची पूर्व से तैयार कर ली जाए। पूज्य सन्तों के आगमन, ठहरने आदि के सभी प्रबन्ध सुव्यवस्थित रखे जाएं। कार्यक्रम में वाल्मीकि मन्दिर, सिख एवं जैन समुदाय के सन्तों व महन्तों को भी आमंत्रित किया जाए। समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खाली पड़े स्थानों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करते हुए उपयुक्त स्थानों पर गमले लगाए जाएं। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टेशन एवं टैक्सी स्टैण्ड पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। आने वाले व्यक्तियों का पूर्व सत्यापन कराया जाए। जांच एजेंसियों को सक्रिय रखते हुए एण्टी-ड्रोन कंट्रोल रूम को अलर्ट रखा जाए। जिला प्रशासन एवं ट्रस्ट के पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूर्ण करें।
मुख्यमंत्री ने आगामी रामनवमी पर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। रामनवमी अयोध्या के प्रमुख पर्वों में से एक है, श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। फुटपाथों को खाली रखा जाए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की समस्या न हो। सम्भावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था करते हुए दर्शन-पूजन कार्यक्रम को स्क्रीन के माध्यम से प्रसारित किया जाए। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने तथा संदिग्ध एवं देशविरोधी तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मन्दिर परिसर में बिना जांच के किसी को भी प्रवेश न दिए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के अयोध्या आगमन की सम्भावना है, जिनमें से अधिक श्रद्धालु दर्शन-पूजन करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लता मंगेशकर चौक से हनुमानगढ़ी तक गोल्फ कार्ट संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें अधिक दूरी तक पैदल न चलना पड़े। वी0आई0पी0 मूवमेंट को न्यूनतम रखा जाए, जिससे आम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्किंग व्यवस्था पूर्व से सुनिश्चित की जाए तथा सड़कों के किनारे वाहनों की पार्किंग न होने दी जाए। सेवा भाव से विभिन्न स्थानों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। इस अवधि में रामपथ, धर्मपथ सहित प्रमुख मार्गों पर शराब एवं मांस-मदिरा की बिक्री पूर्णतया प्रतिबन्धित रखी जाए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने परिक्रमा मार्ग एवं मन्दिर म्यूजियम के निर्माण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री जी के समक्ष अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
अयोध्या भ्रमण के अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री हनुमानगढ़ी मन्दिर तथा श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने श्रीराम मन्दिर परिसर में निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री जी ने हनुमानगढ़ी में सन्तों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, डॉ0 अमित सिंह चौहान, अजय सिंह, चंद्रभानु पासवान, अयोध्या के महापौर गिरीशपति त्रिपाठी तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।








