सीएम योगी ने वाहिनी के विभिन्न आयामों, व्यवस्थाओं, क्षमता, कार्य में लगे मैनपावर और भौतिक प्रगति की जानकारी ली

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में 343 करोड़ रु0 लागत से बन रहे उ0प्र0 विशेष सुरक्षा बल की द्वितीय वाहिनी के आवासीय और अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर में 343 करोड़ रुपये लागत से 50 हेक्टेयर भूमि में बन रहे उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (यू0पी0एस0एस0एफ0) की द्वितीय वाहिनी के आवासीय और अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जून माह के बाद बारिश से निर्माण कार्य प्रभावित होता है, इसलिए लक्षित अवधि अक्टूबर, 2026 से पूर्व ही इसे पूरा करने पर जोर दें।


मुख्यमंत्री ने यू0पी0एस0एस0एफ0 के मॉडल का अवलोकन किया। स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से वाहिनी के विभिन्न आयामों, व्यवस्थाओं, क्षमता, कार्य में लगे मैनपावर तथा भौतिक प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि इसकी कुल क्षमता 1,000 की है। सबसे बड़े बहुमंजिला भवन के अलावा अन्य कार्य 31 अक्टूबर, 2026 तक पूरे कर लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मशीनरी का उपयोग बढ़ाकर काम तेज करें। कोशिश होनी चाहिए कि जून, 2026 तक ही प्रशासनिक भवन, बैरक और अन्य जरूरी इन्फ्रास्ट्रक्चर बनकर तैयार हो जाए।

मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से निर्माण कार्य में आ रही परेशानियों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया कि लो लैण्ड होने के कारण भराई के लिए मिट्टी मिलने में दिक्कत हो रही है। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि आसपास स्थित नाला और नदी की ड्रेजिंग कराकर शीघ्रता से मिट्टी उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि मिट्टी की अंतिम भराई से पहले मैक्सिमम फ्लड लेवल की जांच जरूर कर लें। मुख्यमंत्री जी ने ताल जहदा क्षेत्र की जमीन नीची होने के कारण जलभराव की समस्या का अभी से समाधान कराने के लिए भी जिलाधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानीराम तटबन्ध पर रेगुलेटर के पास पम्पिंग स्टेशन बनाया जाए।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

ज्ञातव्य है कि गोरखपुर में गठित यू0पी0एस0एस0एफ0 की दूसरी बटालियन के लिए ताल जहदा में 50.157 हेक्टेयर क्षेत्रफल में करीब 343 करोड़ रुपये की लागत से आवासीय और अनावासीय भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। आवासीय भवनों के लिए राज्य सरकार ने 186 करोड़ 33 लाख 43 हजार रुपये तथा अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए 156 करोड़ 39 लाख 89 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। कार्यदायी संस्था के रूप में लोक निर्माण विभाग के निर्माण खण्ड (भवन) द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

यू0पी0एस0एस0एफ0 की द्वितीय वाहिनी का भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त और हाईटेक होगा। इसके परिसर में लिफ्ट युक्त टाइप-ए तथा टाइप-बी (ग्राउण्ड प्लस 13 फ्लोर) और टाइप-4 व टाइप-5 के बहुमंजिला भवन बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा लिफ्ट युक्त प्रशासनिक भवन (ग्राउण्ड प्लस 4 फ्लोर), गार्ड क्वार्टर, पार्किंग, संतरी पोस्ट, अस्पताल, इण्डोर जिम, डॉग कैनेल, टॉयलेट ब्लॉक और 400 की क्षमता का बैरक बनाया जाएगा। यहां सलामी मंच के साथ भव्य परेड ग्राउण्ड का विकास भी होगा। सभी आवश्यक इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के साथ इसके परिसर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग का भी इंतजाम होगा।

निर्माण कार्य 21 जून, 2024 को शुरू हुआ था। टावर-ए और टावर-बी के अलावा इसे 31 अक्टूबर, 2026 तक पूर्ण किया जाना लक्षित है। टावर-ए और टावर-बी का निर्माण पूर्ण करने की समय-सीमा 30 मार्च, 2027 है। राज्य सरकार यू0पी0एस0एस0एफ0 द्वितीय वाहिनी के भवन तक दो कि0मी0 लम्बी एप्रोच सड़क भी बनवा रही है। इसके निर्माण पर 23.73 करोड़ रुपये की लागत आएगी। लोक निर्माण विभाग, निर्माण खण्ड-3 द्वारा इसका निर्माण 18 मार्च, 2025 से प्रारम्भ हुआ है, जिसकी भौतिक प्रगति 30 प्रतिशत है। इस एप्रोच मार्ग के मार्च, 2026 में बनकर तैयार हो जाने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
btnimage