एलडीए : काकोरी में 500 बीघा की अवैध बंधन सिटी व कनौजिया सिटी पर गरजा बुलडोजर

25 जेसीबी व 02 पुकलैंड मशीन से ध्वस्त किये अवैध निर्माण, 11 घंटे चला अभियान

शहर में अनियोजित विकास के खिलाफ एलडीए की दूसरी सबसे बड़ी कार्रवाई

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शनिवार को अनियोजित विकास के खिलाफ अब तक की दूसरी सबसे बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान काकोरी में 500 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में अवैध रूप से विकसित की जा रही बंधन सिटी व कनौजिया सिटी पर बुलडोजर चलाया गया।

25 जेसीबी व 02 पुकलैंड मशीन की मदद से लगातार 11 घंटे तक चली कार्रवाई में सभी अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिये गये। इससे पहले एलडीए ने कुकरैल नदी के किनारे अवैध रूप से बसे अकबर नगर को ढ़हाया था, जोकि अवैध निर्माण के खिलाफ प्रदेश का सबसे बड़ा अभियान था।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आगरा एक्सप्रेस-वे पर 6,580 एकड़ क्षेत्रफल में वरूण विहार योजना विकसित की जा रही है। जिसके लिए काकोरी के 12 गांवों की भूमि किसानों से जुटायी जा रही है। इनमें कुछ जगहों पर निजी विकासकर्ताओं द्वारा अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा है। जिसके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये थे। इस क्रम में शनिवार को अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने काकोरी के ग्राम-दोना, तेजकृष्ण खेड़ा और सकरा में अभियान चलाया।

जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि अनीश सिंह, विपिन कुमार व अन्य द्वारा ग्राम-दोना एवं तेजकृष्ण खेड़ा की लगभग 380 बीघा जमीन पर प्लाटिंग का कार्य करते हुए बंधन सिटी विकसित की जा रही थी। इसी तरह सोनू कनौजिया व अन्य द्वारा ग्राम-सकरा में लगभग 150 बीघा क्षेत्रफल में कनौजिया सिटी विकसित की जा रही थी। एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन दोनों अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।

जोनल अधिकारी ने बताया कि शनिवार को सुबह 7ः00 बजे मौके पर पहुंची प्रवर्तन टीम ने ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया, जोकि शाम 6ः00 बजे तक चला। इस दौरान निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, बिजली के खम्भे, साइट ऑफिस, स्टोर आदि को 25 जेसीबी और 02 पुकलैंड मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि एलडीए की तरफ से स्थल पर सूचना बोर्ड भी लगा दिया गया है। इसके बाद अगर डेवलपर मौके पर अवैध तरीके से विकास कार्य करता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवायी जाएगी। कार्रवाई में एसडीएम विराग करवरिया, सहायक अभियंता रवि शंकर राय, अवर अभियंता राहुल विश्वकर्मा, शिवानंद शुक्ला एवं ओमपाल सिंह यादव समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage