काकोरी, दुबग्गा व इंदिरा नगर में 11 अवैध प्लाटिंग पर चला चला एलडीए का बुलडोजर
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3, जोन-5 एवं जोन-7 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शुक्रवार को प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान काकोरी, दुबग्गा व इंदिरा नगर में लगभग 80 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 11 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि सिब्बू, सलीम, बलराम, सुंदर, उत्तम व अन्य द्वारा काकोरी के ग्राम-ग्वालपुर में 05 जगहों पर लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इन पांचों अवैध प्लाटिंग को अभियान चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि संदीप रावत, संदीप यादव, मो0 अनवर व अन्य द्वारा इंदिरा नगर थानाक्षेत्र के ग्राम-रसूलपुर सादात में 03 स्थानों पर लगभग 35 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इन तीनों अवैध प्लाटिंग पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करायी गयी। इस दौरान निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल आदि को ध्वस्त कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि दिलीप मिश्रा, धम्मू यादव, चीनू गुप्ता, बाबू लाल, संतोष कुमार व अन्य द्वारा दुबग्गा, ग्राम-जेहटा में 03 अलग-अलग स्थानों पर लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन तीनों अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।








