एलडीए: मानचित्र के 29 प्रकरणों का निस्तारण, 08 आवेदकों को दी गयी एन0ओ0सी0
गोमती नगर विस्तार में बनेगा बहुमंजिला अस्पताल, एलडीए के समाधान दिवस में पास हुआ नक्शा

लखनऊ विकास प्राधिकरण में हुआ मानचित्र समाधान दिवस का आयोजन, मानचित्र/शमन मानचित्र के 34 नये आवेदन प्राप्त किये गये
गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में जल्द ही 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बहुमंजिला अस्पताल बनेगा। इससे नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक और विकल्प मिलेगा, साथ ही रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण में शुक्रवार को आयोजित किये गये मानचित्र समाधान दिवस में मिडलैण्ड हेल्थकेयर ग्रुप के हाॅस्पिटल का मानचित्र स्वीकृत किया गया।
कार्यवाही के दौरान कुल 08 आवेदकों को मौके पर एन0ओ0सी प्रदान की गयी, जबकि 29 मानचित्र/शमन मानचित्र स्वीकृत किये गये। इस मौके पर एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कैम्प में उपस्थित रहकर एक-एक प्रकरण की समीक्षा की।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि उपाध्यक्ष ने लोगों की सुविधा के लिए प्रत्येक माह मानचित्र समाधान दिवस आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। जिसके अनुपालन में 28.02.2025 को गोमती नगर के विपिन खण्ड स्थित प्राधिकरण भवन के कमेटी हाॅल में सुबह 10ः00 बजे से दोपहर 1ः00 बजे तक विशेष कैम्प लगाया गया। जिसमें प्राधिकरण के मानचित्र, अभियंत्रण, नियोजन, नजूल, ट्रस्ट अनुभाग के अलावा जिला प्रशासन, नगर निगम व जलकल विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। इससे नजूल, अर्जन, सीलिंग, ट्रस्ट व लैंड यूज से सम्बंधित 08 एन0ओ0सी0 मौके पर ही निर्गत की गयी।
मुख्य नगर नियोजक के0के0 गौतम ने बताया कि कैम्प में कुल 29 मानचित्र/शमन मानचित्र स्वीकृत किये गये। वहीं, ऑनलाइन माध्यम से 25 आवेदनों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा 34 लोगों ने ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से मानचित्र/शमन मानचित्र के लिए नया आवेदन किया है। उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार प्रक्रियाधीन प्रकरणों के अलावा नये प्राप्त होने वाले आवेदनों पर भी समयबद्ध कार्यवाही की जाएगी।
*केसः 1*
दीपिका एवं प्रकाश अग्निहोत्री ने गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में आवासीय भवन मानचित्र के लिए आवेदन किया था। समाधान दिवस में समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कराकर मानचित्र स्वीकृत किया गया।
*केसः 2*
राम रतन कनौजिया ने ऐशबाग में आवासीय भवन मानचित्र स्वीकृति के लिए आवेदन किया था। जिसमें एन0ओ0सी0 न मिलने के कारण प्रकरण लंबित था। उन्हें मौके पर ही लैंड यूज, ट्रस्ट व अर्जन आदि की एन0ओ0सी0 प्रदान की गयी।
*केसः 3*
जानकीपुरम में व्यवसायिक भवन का निर्माण करा रहे रूपेश कुमार ने शमन मानचित्र के लिए आवेदन किया था। समाधान दिवस में समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कराकर भवन का शमन मानचित्र स्वीकृत किया गया।
*केसः 4*
महानगर में आवासीय भवन का निर्माण करा रहीं सुनीता सिंह ने शमन मानचित्र स्वीकृति के लिए आवेदन किया था। कैम्प में पहुंची सुनीता सिंह का शमन मानचित्र स्वीकृत किया गया।








