मुख्यमंत्री योगी ने छात्रों से संवाद कर उनसे शिक्षा आदि के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की
सीएम योगी ने 07 सितम्बर को उ0प्र0 सैनिक स्कूल, गोरखपुर के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के आगामी 07 सितम्बर को उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल, गोरखपुर के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम के मद्देनजर की जा रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं की मौके पर समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम सैनिक स्कूल के प्रशासनिक भवन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इसके उपरान्त, उन्हांने एकलव्य शूटिंग रेंज, तरण ताल, कैप्टन विक्रम बत्रा बहुउद्देशीय हॉल, ऑडिटोरियम एवं सभा स्थल का निरीक्षण किया।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी तैयारियों को समय से पूर्ण कर लिया जाए। स्कूल के कैम्पस को हरा-भरा बनाने के लिये पौधरोपण किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रों से संवाद कर उनसे शिक्षा आदि के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं सैनिक स्कूल के प्रधानाचार्य उपस्थित थे।








