मुख्यमंत्री योगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित समारोह में सम्मिलित हुए

भगवान श्रीकृष्ण ने समाज को प्रकृति, अन्नदाता किसानों और पशुपालकों के महत्व का संदेश दिया, गोवर्धन पूजा हमारी सनातन परम्परा की जीवंतता और प्रकृति के प्रति भारतीय दृष्टिकोण को प्रदर्शित करती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनका संदेश विगत 05 हजार वर्षों से अधिक समय से सम और विषम परिस्थितियों में समाज का मार्गदर्शन करता आ रहा है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते हुए धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आज यहां रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित समारोह में अपने विचार व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जन्म अंधकारमय परिस्थितियों में कारागार की काल कोठरी में हुआ, लेकिन उन्होंने जीवनभर विपरीत परिस्थितियों को परास्त करते हुए समाज को प्रकाश का मार्ग दिखाया। श्रीकृष्ण के जीवन की अनेक घटनाएं हमें यह प्रेरणा देती हैं कि जब व्यक्ति भ्रम और संशय की स्थिति में हो, तब भी वह अपने कर्तव्य पथ से विचलित न हो। महाभारत के युद्ध में श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश के माध्यम से आज भी प्रत्येक भारतवासी को कर्म, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन हम सभी को अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए नए संकल्प के साथ जोड़ता है। श्रीकृष्ण की लीलाभूमि मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, बल्देव और नन्दगांव में आज भी श्रद्धालुओं के मन में भगवान श्रीकृष्ण की स्मृतियां जीवंत हैं। इन क्षेत्रों में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति श्रद्धा का भाव भी देखने को मिलता है। श्रद्धालु इन पवित्र स्थलों की मर्यादा और प्राकृतिक स्वरूप के संरक्षण के प्रति संवेदनशील रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने समाज को प्रकृति, अन्नदाता किसानों और पशुपालकों के महत्व का संदेश दिया। गोवर्धन पूजा की परम्परा हजारों वर्षों से निरंतर चली आ रही है और आज भी लाखों श्रद्धालु श्रद्धा एवं आस्था के साथ गोवर्धन की परिक्रमा करते हैं। यह हमारी सनातन परम्परा की जीवंतता और प्रकृति के प्रति भारतीय दृष्टिकोण को प्रदर्शित करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आक्रांताओं ने मंदिरों को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे भारतवासियों की आस्था को नहीं तोड़ सके। मूर्तियों को क्षति पहुंचाई जा सकती है, लेकिन भारत की सनातन जीवन-पद्धति और उसके मूल्यों को समाप्त नहीं किया जा सकता। मंदिरों को नष्ट करने और भारतीय आस्था को मिटाने का प्रयास करने वाले लोग इतिहास के पन्नों में सिमट गए, जबकि भारत अपनी सनातन परम्परा और अजेय यात्रा के साथ आज भी जीवंत एवं जाग्रत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर अनेक बार ध्वस्त किया गया, लेकिन भारत ने उसे बार-बार पुनर्निर्मित किया। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर आज अपनी गौरवपूर्ण परम्परा के साथ स्थापित है। इसी प्रकार काशी में भगवान विश्वनाथ का मंदिर भी हमारी आस्था और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पुनरुद्धार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में श्री काशी विश्वनाथ धाम को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भारत की सनातन चेतना की शक्ति है कि हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत को समाप्त करने का प्रयास करने वाली शक्तियां स्वयं इतिहास में विलुप्त हो गईं, लेकिन भारत आज भी अपनी शाश्वत परम्परा के साथ आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन’ का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का संदेश हम सभी को कर्म क्षेत्र में अपने सामर्थ्य को पहचानने और अपने दायित्वों का श्रेष्ठतम निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। आज प्रत्येक क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। यह प्रतिस्पर्धा सकारात्मक होनी चाहिए, न कि नकारात्मक। सकारात्मक सोच और रचनात्मक प्रयास ही समाज एवं राष्ट्र को आगे ले जाने का माध्यम बन सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्य पथ पर निष्काम कर्म को जीवन का हिस्सा बनाना होगा। देश की विकास यात्रा केवल सरकार के प्रयासों से पूरी नहीं हो सकती। 140 करोड़ भारतवासियों की सामूहिक भागीदारी और सकारात्मक भाव से ही भारत की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना तभी साकार होगी, जब प्रत्येक नागरिक अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए कर्म क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने का प्रयास करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक कर्तव्यनिष्ठा, सकारात्मक सोच और समर्पित प्रयासों से भारत विकसित राष्ट्र बनेगा तथा उत्तर प्रदेश भी विकसित उत्तर प्रदेश के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत, राज्यसभा सांसद डॉ0 दिनेश शर्मा, उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य डॉ0 महेन्द्र सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक  नीरज बोरा, जय देवी, अमरेश कुमार, ओ0पी0 श्रीवास्तव, मुख्य सचिव एस0पी0 गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी तथा पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage