एलडीए ने गोसाईंगंज क्षेत्र में एक अवैध प्लाटिंग पर चलाया बुलडोजर

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में बुधवार को प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने गोसाईंगंज क्षेत्र में लगभग 03 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की।
प्रवर्तन जोन-2 की जोनल अधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि बुद्धा लाल यादव व अन्य द्वारा गोसाईंगंज के दुनियापथ खेड़ा में भूमि खसरा संख्या-371, 419 पर लगभग 03 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य कराते हुए कालोनी विकसित की जा रही थी।प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इस अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।
आदेश के अनुपालन में सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता नागेन्द्र मिश्रा द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी।








