एलडीए प्रवर्तन जोन-3: पारा, काकोरी व कृष्णानगर क्षेत्र में चार अवैध निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को गोसाईंगंज में किसान पथ के किनारे लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी। वहीं, कृष्णानगर, पारा व काकोरी क्षेत्र में तीन अवैध निर्माण सील किये गये।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि अश्वनी अवस्थी व अन्य द्वारा पारा के हंसखेड़ा में श्रीकृष्णा कालोनी में लगभग 2000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर 02 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह राजेन्द्र यादव व अन्य द्वारा श्रीकृष्णा कालोनी में लगभग 2000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर 02 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था।


इसके अलावा आर0के0 सिंह व अन्य द्वारा कुंजपुरी काकोरी मोड़ पर आर्यन ट्रेडर्स के पीछे लगभग 1600 वर्गफिट क्षेत्रफल में भूतल पर दुकान व कमरों का निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, देवेश साहू व अन्य द्वारा कृष्णानगर के पंडित खेड़ा में शुभम सिटी के अंतर्गत लगभग 4000 वर्गफिट क्षेत्रफल में रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन अवैध निर्माणों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे।

उक्त आदेशों के अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता भरत पाण्डेय, भानु प्रताप वर्मा व प्रमोद कुमार पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थलों को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage