एलडीए: जोन-3 की टीम ने मोहान रोड पर अवैध प्लाटिंग को किया ध्वस्त

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने काकोरी में मोहन रोड पर एक अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि वीरपाल व अन्य द्वारा काकोरी में मोहन रोड पर हरदोइया मोड़ से आगे ग्राम-गदायी खेड़ा में लगभग 03 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना की जा रही इस अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे।

इसके अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता भरत पाण्डेय व भानु प्रताप वर्मा द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। इस दौरान स्थल पर विकसित की गयी सड़कें, नाली, बाउन्ड्रीवाल व साइट ऑफिस आदि को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।








