एलडीएः जनता अदालत में आये 36 प्रकरणों में से 09 का मौके पर हुआ निस्तारण

लखनऊ विकास प्राधिकरण में गुरूवार को जनता अदालत/प्राधिकरण दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान रजिस्ट्री, फ्री-होल्ड, कब्जे व अवैध निर्माण आदि से सम्बंधित कुल 36 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 09 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष प्रकरणों के निस्तारण के सम्बंध में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा समय-सीमा निर्धारित करते हुए अधिकारियों को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा जन सामान्य एवं आवंटियों की समस्याओं एवं उनके कार्यों को त्वरित गति से शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किये जाने के लिए दिये गए निर्देशों के क्रम में प्राधिकरण भवन के कमेटी हाॅल में “प्राधिकरण दिवस/जनता अदालत“ का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार द्वारा जनता अदालत में उपस्थित होकर जन सामान्य की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना गया।
इस दौरान जनता अदालत में पहुंचे अलीगंज के सेक्टर-एन निवासी स्वदेश चन्द्र द्वारा लीज प्राॅपर्टी के फ्री-होल्ड के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर सम्बंधित अधिकारी को 15 दिन में कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये। वहीं, परमेश्वरी देवी द्वारा एलडीए कालोनी के सेक्टर-जी में आवंटित भवन की अंतिम गणना कराकर रजिस्ट्री करने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर उप सचिव अतुल कृष्ण को 07 दिन में कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। इस क्रम में शारदा नगर योजना के रश्मिखण्ड निवासी हेमंत कुमार ने मकान की रजिस्ट्री कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। उक्त प्रकरण में उपाध्यक्ष द्वारा मौके पर ही पत्रावली अनुमोदित करायी गयी।
इसके अतिरिक्त नेहरू इन्क्लेव के प्रेमायन ब्लाॅक के भवन संख्या-85 के आवंटी दिनेश कुमार सिंह द्वारा भवन का कब्जा दिलाने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया गया। इस पर उपाध्यक्ष ने फाइल का परीक्षण करने के बाद आवंटी को तीन दिन के अंदर कब्जा दिलाने के आदेश दिये। इसके अलावा शक्ति नगर निवासी राजेश कुमार ने प्रार्थना पत्र दिया कि अलीगंज के सेक्टर-जे स्थित व्यवसायिक काॅम्पलेक्स में उनकी पत्नी रामा देवी के पक्ष में चबूतरे का आवंटन किया गया है। लेकिन, इसके सामने कुछ लोगों द्वारा पार्किंग व फुटपाथ की जगह को घेरकर अवैध रूप से कार वाॅशिंग व सर्विस सेंटर संचालित किया जा रहा है। इस पर उपाध्यक्ष ने प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी को स्थल का निरीक्षण कराकर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
जनता अदालत में विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार, श्रद्धा चौधरी, देवांश त्रिवेदी, रविनंदन सिंह, एस0डी0एम शशिभूषण पाठक, अधिशासी अभियंता नवनीत शर्मा, उप सचिव अतुल कृष्ण समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।








