प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी देने के लिए एलडीए में बनेगा सिंगल विंडो सिस्टम

गोमती नगर स्थित लखनऊ विकास प्राधिकरण कार्यालय में मंगलवार को नागरिक सुविधा दिवस का आयोजन किया गया। इसमें मण्डलायुक्त, लखनऊ डाॅ0 रोशन जैकब की अध्यक्षता में जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा आम जन मानस की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना गया तथा इनके निस्तारण के सम्बंध में सम्बंधित को दिशा-निर्देश दिये गये।

इस दौरान मण्डलायुक्त डाॅ0 रोशन जैकब ने प्रधानमंत्री आवास योजना के सम्बंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए आने वाले लोगों के लिए प्राधिकरण भवन में सिंगल विन्डो सिस्टम बनाने के निर्देश दिये, जिससे कि आवेदन करने के इच्छुक लोगों को किसी भी तरह की असुविधा न हो सके। मण्डलायुक्त ने कहा कि धन उगाही के उद्देश्य से जन सामान्य व उनके द्वारा कराये जा रहे निर्माण कार्यों की शिकायत करने वाले लोगों को चिन्हित करते हुए ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाए।

नागरिक सुविधा दिवस में पहुंचे प्रेम प्रकाश द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया कि उन्हें बसंतकुंज में आश्रयहीन भवन आवंटित हुआ है, लेकिन उक्त भवन में एक महिला का अवैध कब्जा है, जिसके कारण वह परिवार सहित किराये के मकान में रहने को मजबूर है। इस पर मण्डलायुक्त ने सम्बंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही करते हुए प्रार्थी को भवन का कब्जा दिलाने के निर्देश दिये। इस दौरान नगर निगम के एक सफाई कर्मचारी द्वारा शिकायत की गयी कि उसे वेतन नहीं मिल रहा है और अकाउंट्स अनुभाग के अधिकारी वेतन जारी करने के एवज में कमीशन की मांग कर रहे हैं। इस पर मण्डलायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आरोप सही मिलने पर सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करायी जाए। इसके अलावा नागरिक सुविधा दिवस में अनुपस्थित रहने पर मण्डलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये हैं।

मण्डलायुक्त द्वारा बताया गया कि लखनऊ महानगर के रहने वाले सामान्य जनों को दिन-प्रतिदिन जीवन से जुड़ी समस्याओं यथा बिजली, पानी, सड़क, भवन निर्माण, जल निकासी, यातायात, परिवहन एवं प्रदूषण आदि का सामना करना पड़ता है। सरकार द्वारा समस्याओं के निराकरण हेतु संवेदनशीलता पूर्वक अनेक प्रबन्ध किये गये हैं और इन समस्याओं से संबंधित विभाग- समस्याओं के निराकरण हेतु प्रयासरत भी रहते हैं, किन्तु नगरीय क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई कार्य इस प्रकार के होते हैं कि उसमें एक से अधिक कार्यदायी संस्थाओं की सहभागिता होती है, जिसकी जानकारी जन सामान्य को नहीं हो पाती है। एक से अधिक संस्थाओं के द्वारा कार्य किये जाने की स्थिति में कार्य के प्रति जबावदेही भी स्पष्ट रूप से तय करने में समस्या होती है, ऐसी स्थिति में नगरीय क्षेत्र की आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी निस्तारण बगैर अन्तर विभागीय समन्वय के किया जाना सम्भव नहीं हो पाता है। जिसके लिए हर माह के अंतिम मंगलवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण में नागरिक सुविधा दिवस का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें विशेषकर एक से अधिक कार्यदायी संस्थाओंध्विभागों की सहभागिता वाले प्रकरणों को संयुक्त टीम बना कर निस्तारण कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक सुविधा दिवस का आयोजन प्रभावी ढंग एवं उच्चकोटि की संवेदनशीलता के साथ शहरी क्षेत्र के नागरिकों की मूलभूति समस्या के सफल समाधान के दृष्टिगत किया जाये। उन्होंने कहा कि जन मानस को दिन-प्रतिदिन के जीवन यापन से जुड़ी हुई छोटी-छोटी समस्याओं के निराकरण हेतु कई-कई विभागों में चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे सरकार के प्रति सामान्य जन में एक नकारात्मक भाव उत्पन्न होता है। नागरिक सुविधा दिवस के माध्यम से हमारा प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार चक्कर न काटने पड़े और एक बार मे ही उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।

अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि आज के नागरिक सुविधा दिवस में कुल 104 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 23 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। अवशेष प्रकरणों को सम्बंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया है। प्राप्त शिकायतों का विवरण निम्नवत हैः-

1. लखनऊ विकास प्राधिकरण-61

2. जिला प्रशासन-04

3. पुलिस-05

4. नगर निगम-16

5. विद्युत विभाग-02

6. स्मारक-02

7. आवास विकास-01

8. अन्य विभाग-13

Related Articles

Back to top button
btnimage