प्रधानमंत्री आवास योजना का पंजीकरण खुलते ही पहले दिन 355 लोगों ने किया आवेदन

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा हरदोई रोड स्थित बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई में निर्मित किये जा रहे 3792 प्रधानमंत्री आवासों के लिए आज दिनांक-25.07.2023 से आनलाइन पंजीकरण खोल दिया गया। पंजीकरण खुलने के पहले ही दिन लोगों का जबरदस्त रूझान देखने को मिला और शाम 5 बजे तक 355 लोगों ने आवास के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। प्राधिकरण द्वारा इस बार भवन का मूल्य 7,29,550 रूपये रखा गया है, जिसके लिए लाभर्थी को 4,79,550 रूपये देने होंगे।

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि योजना के लिए आवेदन लखनऊ विकास प्राधिकरण की वेबसाइट www.ldaonline.co.in के माध्यम से आॅनलाइन ही होंगे। आवेदक को पंजीकरण कराते समय 10,000 हजार रूपये पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा। वहीं, शेष धनराशि आवंटन पत्र जारी होने के बाद किश्तों में जमा करानी होगी। इसके लिए आवंटन पत्र जारी होने की तारीख से एक माह के अंदर 50,000 रूपये तथा अवशेष धनराशि 4,19,550 रूपये 60 मासिक किश्तों में यानि कि प्रतिमाह 8,308 रूपये देनी होगी। प्रधानमंत्री आवास योजना में भवन प्राप्त करने के लिए डूडा में पंजीकृत चयनित व्यक्तियों के अलावा अन्य व्यक्ति भी लखनऊ विकास प्राधिकरण में अपना पंजीकरण करा सकेंगे। लेकिन, अन्य आवेदकों का सत्यापन डूडा द्वारा किये जाने के उपरांत सत्यापित आवेदक ही आवंटन के पात्र होंगे।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवासों के लिए दिनांक-25.07.2023 से 30.09.2023 तक पंजीकरण खोला गया है। पंजीकरण खुलने के पहले ही दिन मंगलवार को शाम 5ः00 बजे तक 355 लोगों ने आवास के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पंजीकरण कराने में आवेदकों को किसी तरह की कोई दिक्कत न आए, इसके लिए विभिन्न जगहों पर निःशुल्क सहायता केन्द्र भी स्थापित किये गये हैं।

Related Articles

Back to top button
btnimage