प्रवर्तन जोन-2 के कल्ली पश्चिम में अवैध प्लाटिंग पर चला #LDA का बुलडोजर

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने कल्ली पश्चिम क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग व निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि सचिन, संजय सिंह यादव, राम सिंह व अन्य द्वारा थाना-पीजीआई क्षेत्र के कल्ली पश्चिम के खसरा संख्या-3382 पर लगभग 2600 वर्गमीटर क्षेत्रफल भूमि के आंशिक भाग में जगह-जगह भूखण्ड सृजित करते हुए बाउंड्रीवाॅल, सड़क निर्माण समेत अन्य विकास कार्य कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-44/2022 योजित किया गया था। इसके अतिरिक्त हरि श्याम त्रिपाठी द्वारा कल्ली पश्चिम के खसरा संख्या-2027 पर लगभग 78.97 वर्गमीटर क्षेत्रफल में भूतल का निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-467/2020 योजित किया गया था।
जोनल अधिकारी ने बताया कि उक्त दोनों प्रकरण में विपक्षियों द्वारा कोई स्वीकृत मानचित्र/तलपट मानचित्र/निर्माण अनुज्ञा प्रस्तुत नहीं की गयी। इस पर विहित न्यायालय द्वारा प्रश्नगत स्थलों के खिलाफ ध्वस्तीकरण आदेश पारित किये गये थे। उक्त आदेशों के अनुपालन में आज सहायक अभियंता एन0एन0 चौबे के नेतृत्व में अवर अभियंता बिजेन्द्र सिंह व उस्मान अली द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से दोनों स्थलों पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही प्रचलित की गयी।








