इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘अभिप्रेरण एवं सकारात्मक चिंतन’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन कल

लखनऊ 01 फरवरी, 2023
विद्यालयी व्यवस्था में प्रेरणा तथा सकारात्मक चिन्तन के महत्त्व के दृष्टिगत राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा कल 02 फरवरी, 2023 को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ के मरकरी हॉल में ‘अभिप्रेरण एवं सकारात्मक चिंतन’ (Motivation and Positive Thinking) विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला का शुभारम्भ मुख्य अतिथि श्री संदीप सिंह, माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्रप्रभार), बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा पूर्वान्ह 11 बजे किया जाएगा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री विजय किरन आनन्द, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश रहेंगे। कार्यशाला में सन्दर्भदाता भारतीय रेल यातायात सेवा के वरिष्ठ अधिकारी श्री गौरव कृष्ण बंसल होंगे, जो सम्प्रति भारतीय रेल राष्ट्रीय अकादमी, वडोदरा में वरिष्ठ प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। गौरव कृष्ण बंसल एक स्थापित अन्तर्राष्ट्रीय कवि, लेखक तथा सामाजिक-राष्ट्रीय चिन्तक के रुप में प्रतिष्ठित हैं।
यह जानकारी राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, उ0प्र0 लखनऊ डा0 अंजना गोयल ने आज यहाँ दी। उन्होने बताया कि कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों के मोटिवेशन तथा सकारात्मक चिन्तन के विकास हेतु दो सत्र आयोजित किये जायेंगे। प्रथम सत्र में i-Theories of Motivation, ii-Importance/Non-importance of money in motivation, iii-Steps to be taken to face negativity and de-motivation, iv-Positive thinking, v-Keys to happiness, vi- Maturity तथा द्वितीय सत्र में i-Conceptual Framework of Ethics, ii-Theories, iii-Values, iv-Contextual Framework, v-Difference between ‘right’ and ‘correct’ पर चर्चा की जायेगी।
निदेशक राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद उ0प्र0 लखनऊ डा0 गोयल ने बताया कि पिछले 02 वर्षों में हुए लर्निंग लॉस को पूरा करने के उद्देश्य से तैयार करायी गयी कक्षा 6, 7, 8 की गणित विषय की शिक्षक संदर्शिका (उपचारात्मक शिक्षण हेतु) रिमीडियल शिक्षण हेतु तथा बच्चों के लिए उपचारात्मक कार्यपुस्तिका ‘मेरी प्यारी गणित का विमोचन किया जाएगा। यह शिक्षक संदर्शिकाएँ शिक्षकों को गणित विषय को नई-नई विधियों से पढ़ाने एवं कार्यपुस्तिकाएँ बच्चों को अभ्यास के पर्याप्त अवसर प्रदान करेंगी। इससे गणित विषय के प्रति बच्चों की रुचि को बढ़ाया जा सकेगा। इस अवसर पर A Handbook on English Grammar for Teachers का विमोचन किया जायेगा। कक्षा 1 से 8 के शिक्षकों हेतु तैयार की गयी अंग्रेजी ग्रामर की यह पुस्तक शिक्षकों को अंग्रेजी शिक्षण में मदद करेगी। उन्होने बताया कि कार्यशाला में प्रत्येक डायट के प्राचार्य तथा तीन संकाय सदस्य, एस०सी०ई०आर०टी० और उसकी इकाइयों के संकाय सदस्यों को सम्मिलित करते हुए लगभग 400 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा।








