#LDA ने जोन-2 में मैरिज लाॅन और रो-हाउस समेत चार जगहों पर अवैध निर्माण सील किये

पीजीआई, मोहनलालगंज, बिजनौर व सुशांत गोल्फ सिटी थानाक्षेत्र में हो रहे इन अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रवर्तन जोन-2 की टीम द्वारा की गयी कार्यवाही
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने थाना-सुशांत गोल्फ सिटी, पीजीआई, बिजनौर तथा मोहनलालगंज क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए मैरिज लाॅन व रो-हाउसेस भवन समेत चार अवैध निर्माणों को सील किया।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि मान सिंह व अन्य द्वारा मोहनलालगंज के पुरसैनी के गोपालखेड़ा में लगभग 800 वर्गमीटर क्षेत्रफल में सुन्दर वाटिका नाम से मैरिज लाॅन संचालित किया जा रहा था। जिसमें पूर्व निर्मित भूतल पर बने कमरों के ऊपर प्रथम तल में लगभग 850 वर्गफुट में हाॅल एवं उक्त परिसर के दूसरे हिस्से में भूतल पर लगभग 900 वर्गफुट में हाॅल बनाने के लिए स्लैब की ढ़लाई का कार्य कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-943/2022 योजित किया गया था। इसके अतिरिक्त योगेन्द्र सिंह द्वारा थाना-सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के खुर्दही में फलवारी रोड पर लगभग 8,000 वर्गफुट क्षेत्रफल के भूखण्ड में लोअर व अपर ग्राउंड पर 20 दुकानें, प्रथम तल पर आवासीय, द्वितीय तल पर हाॅल एवं ममटी का निर्माण कार्य पूर्व में कराया गया था। वर्तमान में वहां एसीपी लगाने के लिए शटरिंग का कार्य कराया जा रहा था। उक्त प्रकरण में विहित न्यायालय में वाद संख्या-955/2022 योजित किया गया था।
वहीं, मोहम्मद सलीम चिश्ती द्वारा थाना-पीजीआई क्षेत्र के कल्ली पश्चिम में उरसू लाइन काॅन्वेंट स्कूल के निकट लगभग 1500 वर्गफुट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर लोअर व अपर ग्राउंड की स्लैब की ढ़लाई का कार्य कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-579 योजित किया गया था। इसके अलावा रज्जन सिंह यादव द्वारा थाना-बिजनौर क्षेत्र में पुराना गोरौड़ा रोड पर माधव मोटर के पीछे लगभग 4,000 वर्गफुट क्षेत्रफल में चार रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। जिसके विरूद्व विहित न्यायालय में वाद संख्या-427/2022 योजित किया गया था।
जोनल अधिकारी ने बताया कि उक्त चारों प्रकरण में विपक्षियों द्वारा निर्माण के सम्बंध में कोई स्वीकृत मानचित्र/साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके चलते विहित न्यायालय द्वारा प्रश्नगत स्थलों को सील किये जाने के आदेश पारित किये गये थे। उक्त आदेशों के अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता एन0एन0 चौबे व बिजेन्द्र सिंह द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से इन सभी स्थलों को सील करते हुए पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया। कार्यवाही के दौरान प्रवर्तन की टीम द्वारा सभी जगहों पर माइक से अनाउंसमेंट करते हुए जन सामान्य को इन अवैध स्थलों पर सम्पत्ति क्रय न करने के सम्बंध में जागरूक किया गया।
फैसलिटीज की जमीन से अवैध कब्जे हटाये गये
लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार गंगवार ने बताया कि रूचिखण्ड-1 में फैसलिटीज की लगभग 2500 वर्गमीट भूमि पर वर्तमान में सामुदायिक केन्द्र का निर्माण प्रस्तावित है। उक्त भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करके झुग्गी-झोपड़ी बनाकर निवास व व्यवसाय किया जा रहा था। जिसे आज अभियंत्रण जोन-2 के अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता अजय गोयल व अवर अभियंता रितुपाल द्वारा स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से खाली कराया गया।









