जोन 1 के गोमतीनगर विस्तार में अवैध मीट मार्केट चला LDA का बुलडोजर

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध कब्जा/अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में कई वर्षों से काबिज अवैध मीट मार्केट को ध्वस्त कर दिया गया।
जोन-1 के जोनल अधिकारी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि गोमतीनगर विस्तार में सेक्टर-1 स्थित लक्ष्मी मार्केट के पास कुछ लोगों द्वारा प्राधिकरण की अर्जित भूमि व सड़क के कुछ हिस्से को घेर कर अवैध रूप से स्थायी/अस्थायी निर्माण करते हुए मीट की दुकानें खोली गई थी, जिससे कि वहां ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी। पूर्व में उपाध्यक्ष द्वारा किये गये निरीक्षण में इन अवैध दुकानों के खिलाफ कार्यवाही के आदेश दिये गये थे। उनके आदेशों के अनुपालन में आज प्राधिकरण व नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा अभियान चलाकर अस्थायी दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। उक्त स्थल पर प्राधिकरण की अर्जित भूमि का चिन्हांकन कर पुनः अभियान चलाया जायेगा।








