जोनल अधिकारी स्थल पर जाकर करेंगे शमन मानचित्रों का निस्तारण: डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा शहर में अवैध निर्माण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अब शमन की कार्यवाही में तेजी लायी जाएगी। इसके लिए अब जोनल अधिकारी स्वयं स्थल पर जाकर शमन के प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित कराएंगे। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने इस सम्बंध मेें आदेश जारी किये हैं। उनके आदेशों के क्रम में शमन प्रकरणों के निस्तारण के लिए 31 अगस्त तक विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को उपाध्यक्ष महोदय द्वारा अधिकारियों के साथ एक बैठक आहूत की गयी। इसमें शमन मानचित्र की कार्यवाही को लेकर समीक्षा की गयी, जिसमें पाया गया कि शमन के काफी प्रकरण लंबित हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि अब जोनल अधिकारी मौके पर जाकर शमन की फाइलों का निस्तारण करेंगे।
उन्होंने कहा कि शमन सेल भंग कर दिया गया है, लेकिन शमन से सम्बंधित प्रार्थना पत्र अभी भी पुराने पटल पर डम्प हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि शमन के सभी नये-पुराने प्रार्थना पत्रों को क्षेत्रवार सम्बंधित जोनल अधिकारियों को प्राप्त कराया जाए। जिसके बाद अधिकारियों को सभी औपचारिकताओं को पूर्ण करते हुए स्थल पर जाकर प्रकरणों का निस्तारण करना होगा। इसमें सिर्फ वहीं प्रार्थना पत्र स्वीकृत किये जाएंगे, जोकि शमन उपविधि के अंतर्गत आते हो।
उपाध्यक्ष डॉ0 इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि शमन प्रकरणों के निस्तारण के लिए 31 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें जिन लोगों द्वारा बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये अथवा स्वीकृत मानचित्र के विरुद्ध निर्माण कराया जा रहा है और वो शमन की परिधि में है। वह लोग भी इसका लाभ उठाकर शमन मानचित्र के लिए आवेदन कर सकते हैं। बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह समेत समस्त जोनल अधिकारी उपस्थित रहे।








