कृषि मंत्री ने कहा प्रदेश सरकार किसानों की आय दुगुनी करने के राष्ट्रीय अभियान में हर संभव सहयोग करेगी

लखनऊ (28 जून, 2019)। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बैंक ऑफ़ बड़ौदा हाउस लखनऊ में प्रदेश में कार्यरत समस्त अग्रणी जिला प्रबंधक व अग्रणी बैंकों की आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि जहां तक कुल कृषि क्षेत्र का प्रश्न है जमीन का विघटन हुआ, सामाजिक नीतियों के कारण जमीन का क्षेत्रफल कम होता जा रहा है जिसके कारण लघु व सीमांत कृषक की संख्या 2.21 करोड़ हो गयी है, जो कुल कृषक परिवारों का लगभग 93 प्रतिशत है। इन किसानों को समुचित आय और रोजगार प्रदान करना हमारा नैतिक कर्तव्य है और हमारी सरकार इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए कटिबद्ध है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार भारत सरकार केे निर्णय के क्रम में सभी पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा से लाभांवित करने के लिए 01 जुलाई से 31 जुलाई 2019 तक अभियान चलायेगी। यह अभियान बैंकों, कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जायेगा। किसान क्रेडिट कार्ड से किसान कृषि हेतु अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकेंगे और वर्ष 2022 तक में अपनी आय दोगुनी करके राष्ट्रीय अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकेंगे। उन्होंने बैंकों को इस अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस अभियान में सभी स्टेक होल्डर्स द्वारा प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को कैंप का आयोजन कर नए किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। डॉ. रामजस यादव महाप्रबंधक बैंक ऑफ बड़ौदा एवं संयोजक राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति उत्तर प्रदेश ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश में कृषि के उत्थान हेतु बैंकों के योगदान की चर्चा की और भारत सरकार द्वारा समस्त पात्र कृषकों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराए जाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बैंकों द्वारा गत वर्षों में सराहनीय कार्य किया गया है तथा किसानों का सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान करने में बैंकों की सक्रिय सहभागिता रही। पंकज कुमार महाप्रबंधक भारतीय रिजर्व बैंक अवगत कराया कि किसान क्रेडिट कार्ड को सुगम व उपयोगी बनाने हेतु भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा हाल ही में निर्गत किए गए दिशा निर्देशों की जानकारी दी गयी। शंकर पांडे मुख्य महाप्रबंधक नाबार्ड द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया। वे इस अभियान की सफलता हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान विभिन्न बैंकिंग आयामों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में नवीन कुमार आईएएस विशेष सचिव कृषि, पंकज कुमार महाप्रबंधक भारतीय रिजर्व बैंक, शंकर पांडे मुख्य महाप्रबंधक नाबार्ड कृषि विभाग एवं संस्थागत वित्त महानिदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों और अग्रणी बैंकों व प्रदेश के समस्त जिलों के अग्रणी जिला प्रबंधक प्रबंधकों द्वारा प्रतिभाग किया गया।








