UPCM ने गोरखपुर में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की

गोरखपुर (25 दिसम्बर, 2018)।
UPCM ने जनपद गोरखपुर के सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान जनपद की निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के समय से पूर्ण न होने पर स्टीमेट को रिवाइज करना पड़ता है, जिससे राजकोष पर प्रभाव पड़ता है। इसलिए जो भी निर्माण कार्य आरम्भ किया जाए, उसके साथ पूर्ण होने की तिथि भी निर्धारित हो। साथ ही, परियोजनाओं का कार्य निविदा ई-टेण्डर के माध्यम से किया जाए और तकनीकी व फाइनेन्शियल बिड को एक साथ मंगाया जाए।

UPCM ने प्राणि उद्यान के निर्माण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मजदूरों की संख्या में बढ़ोत्तरी कर प्रथम एवं द्वितीय चरणों के कार्य को जून, 2019 तक पूर्ण कराया जाए। प्रेक्षागृह के निर्माण की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रेक्षागृह का निर्माण 15 नवम्बर, 2019 तक पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। इसमें रंग कर्मियों और उनसे जुड़े लोगों को अपनी प्रस्तुति करने के लिए स्थान मिलेगा।

UPCM गोरखपुर में निर्माणाधीन प्राणि उद्यान एवं प्रेक्षागृह के कार्यों की जानकारी लेते हुए
UPCM गोरखपुर में निर्माणाधीन प्राणि उद्यान एवं प्रेक्षागृह के कार्यों की जानकारी लेते हुए

UPCM ने मण्डलायुक्त को योजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा करने और योजनाओं की प्रगति से समय-समय पर जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि शासन-प्रशासन से मिल कर कार्य करें और योजनाओं को समय से पूरा कराने में मदद करें। उन्होंने रामगढ़ताल के डीसिल्टिंग की योजना बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि रामगढ़ताल और राप्ती नदी में नालों का गंदा पानी ना जाए, इसके लिए भी कार्य किए जाएं।

UPCM ने जनपद गोरखपुर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि लोगों में सफाई के प्रति जागरूकता लाने के लिए भी कार्य करना होगा। उन्होंने रामगढ़ताल के आसपास साफ-सफाई रखने हेतु प्रत्येक वाॅर्ड के लिए नोडल अधिकारी तैनात करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कराया जाए। साथ ही, इस बात विशेष ध्यान रखा जाए कि कूड़ा नदी आदि के किनारे पर न डाला जाए। उन्होंने शहर में जगह-जगह जाम की समस्या को चिन्हित करते हुए कहा कि इस समस्या के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों के वाहन सड़कों पर न खड़े हों। शहर में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराए जाने सहित अन्य पार्किंग के स्थान चिन्हित किए जाएं, जहां वाहन पार्किंग की व्यवस्था हो।

#UPCM ने #PWD के अधिकारियो को निर्देश दिए कि असुरन से बनने वाली सड़क में अण्डरग्राउण्ड केबिलिंग का काम कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास के ठोस परिणाम सामने आएं, इसके लिए सभी लोग मिलकर कार्य करें। उन्होंने शहर में बारिश में होने वाले जल-जमाव के निजात के लिए कार्य योजना बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक, थर्माकोल आदि की रोकथाम हेतु अभियान चलाया जाए।

UPCM ने शहर के आवारा पशुओं और कुत्तों आदि को पकड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि जिला पंचायत के कांजी हाउसों को पुनः संचालित कराया जाए। उन्होंने कहा कि कान्हा उपवन के निर्माण कार्य को 2 माह में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कान्हा उपवन के निर्माण में गुणवत्ता की कमी की शिकायत पर जिलाधिकारी को जांच कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता में कोई समझौता न हो। सभी कार्यदायी संस्थाएं इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही वे निर्माण कार्यों का स्थलीय सत्यापन करेंगे। कार्यों की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

UPCM ने कहा कि कस्बा संग्रामपुर में बाईपास के निर्माण की योजना तैयार की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरा, अलाव आदि की व्यवस्था का नियमित रूप से निरीक्षण करते रहें। यह देखा जाए कि कोई व्यक्ति खुले में फुटपाथ पर न सोये, किसी भी व्यक्ति की ठण्ड से मृत्यु न होने पाए। शासन द्वारा अलाव एवं रैन बसेरे के लिए धन मुहैया कराया जा रहा है।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage