UPCM ने सिद्धार्थनगर में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया

सिद्धार्थनगर (25 दिसम्बर, 2018)।
UPCM ने जनपद सिद्धार्थनगर में राजकीय मेडिकल काॅलेज का शिलान्यास सहित अन्य विकास योजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण किया। उन्होंने राजकीय मेडिकल काॅलेज का नाम स्व. माधव प्रसाद त्रिपाठी के नाम पर रखे जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां पर स्व. माधव प्रसाद त्रिपाठी की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने जनपद सिद्धार्थनगर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया।

UPCM सिद्धार्थनगर में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम शुभारंभ करते हुए
UPCM सिद्धार्थनगर में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम शुभारंभ करते हुए

UPCM ने आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि जनपद में राजकीय मेडिकल काॅलेज की स्थापना से सिद्धार्थनगर सहित आस-पास के जनपद के लोगों और पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से आने वाले मरीजों को इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे गरीबों को विशेष सुविधा मिलेगी। साथ ही, मेडिकल काॅलेज के बनने से चिकित्सा शिक्षा की सुविधा भी मिलेगी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भारत और नेपाल के सम्बन्धों में अत्यधिक निकटता लाने का कार्य केन्द्र सरकार से मिलकर किया जा रहा है।

UPCM सिद्धार्थनगर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए
UPCM सिद्धार्थनगर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए

UPCM ने कहा कि विकास योजनाओं से समाज के प्रत्येक तबके के जीवन में खुशहाली आएगी। आमजन को सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से सड़क, पुल, स्कूल, अस्पताल आदि बनाए जा रहे हैं। रामराज को साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज एक साथ अनेक विकास योजनाएं इस जनपद को प्राप्त हो रही हैं। इसमें से कुछ का लोकार्पण और कुछ का शिलान्यास किया जा रहा है। यह योजनाएं लोगों के जीवन स्तर को आगे बढ़ाकर वर्तमान और आने वाली पीढ़ी को लाभान्वित करेंगी।

UPCM सिद्धार्थनगर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करते हुए
UPCM सिद्धार्थनगर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करते हुए

UPCM ने कहा कि सिद्धार्थनगर की जनता और जनप्रतिनिधियों का आग्रह था कि इस जनपद में भी एक मेडिकल काॅलेज स्थापित किया जाए, ताकि लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े। इसी क्रम में आज इस मेडिकल काॅलेज का शिलान्यास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मेडिकल काॅलेज का निर्माण 15 जनवरी, 2019 से प्रारम्भ होगा और 2021 में प्रवेश प्रारम्भ होने के साथ ही सिद्धार्थनगर के गरीबों, दलितों, वंचितों और समाज के प्रत्येक तबके के प्रतिभावान नौजवानों को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर अपने जनपद में ही मिलने लगेगा।

UPCM ने कहा कि इस मेडिकल काॅलेज की स्थापना से एक गरीब का बच्चा भी अब डाॅक्टर बनकर समाज की सेवा कर सकेगा। सरकार गरीबों के बच्चों को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें डाॅक्टर, इंजीनियर बनने के अवसर उपलब्ध करा रही है। सरकार ने ऐसा माहौल तैयार किया है, कि अब एक गरीब बच्चा भी उच्च प्रशासनिक पदों पर पहुंचकर समाज और राष्ट्र की सेवा कर सकता है। राज्य सरकार द्वारा यहां पर इस मेडिकल काॅलेज की स्थापना इस क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दृष्टिगत की गई है।

UPCM सिद्धार्थनगर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए
UPCM सिद्धार्थनगर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए

UPCM ने कहा कि सिद्धार्थनगर में स्थापित किए जा रहे इस मेडिकल काॅलेज से योग्य चिकित्सक तो मिलेंगे ही, साथ ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी इस क्षेत्र के लोगों को मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह अत्यन्त प्रसन्नता की बात है, क्योंकि इस क्षेत्र के बच्चे गोरखपुर के बी.आर.डी. मेडिकल काॅलेज में इन्सेफेलाइटिस, डेंगू और तमाम जल-जनित और विषाणुजनित बीमारियों से ग्रस्त होकर इलाज के लिए आते थे। इसी कारण उनके कष्ट को देखते हुए राज्य सरकार ने सिद्धार्थनगर में यह मेडिकल काॅलेज स्थापित करने का निर्णय लिया है।

UPCM ने कहा कि पहली बार पूरे देश में गरीबों की ऊर्जा को पहचानने का कार्य किया जा रहा है। वर्तमान केन्द्र व प्रदेश सरकारें गरीबों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं। आज समाज के हर तबके को स्वास्थ्य सुविधाओं और विकास योजनाओं इत्यादि का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों को बड़े पैमाने पर निःशुल्क गैस कनेक्शन केन्द्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से 32 करोड़ लोगों के जनधन खाते खोले गए हैं। पिछले साढ़े चार वर्षों के अंदर पूरे देश में 02 करोड़ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए गए हैं।

UPCM सिद्धार्थनगर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए
UPCM सिद्धार्थनगर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए

UPCM ने कहा कि समाज के बेहतर स्वास्थ्य के लिए शौचालय आवश्यक है। इसके दृष्टिगत स्वच्छ भारत मिशन (एस.बी.एम.) के तहत देश में 12 करोड़ गरीब परिवारों को शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से 2.5 करोड़ शौचालय अकेले उत्तर प्रदेश ने बनाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 18 लाख आवास भी उत्तर प्रदेश में बन चुके हैं। प्रदेश में गरीबों को बड़े पैमाने पर निःशुल्क विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं। यह सभी योजनाएं गरीबों के कल्याण से जुड़ी हुई हैं।

UPCM ने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिवस है, जिसे सुशासन दिवस के रूप में पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा है। उनके जन्मदिन पर अनेक कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। उन्होंने जिला प्रशासन को जनपद के सभी विकास खण्डों में अलग से एक कार्यक्रम आयोजित कर गरीबों और वंचितों को विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड की व्यवस्था, दिव्यांगजन पेंशन और आयुष्मान भारत से लाभान्वित करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

UPCM सिद्धार्थनगर में भारत रत्न पूर्व PM अटल बिहारी वापजेयी की 95वीं जयन्ती पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए
UPCM सिद्धार्थनगर में भारत रत्न पूर्व PM अटल बिहारी वापजेयी की 95वीं जयन्ती पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए

UPCM ने कहा कि आज के कार्यक्रम में जनपद में कराए गए अनेक विकास कार्यक्रमों का लोकार्पण भी हुआ है। जनपद के विकास के लिए सड़कें बन रही हैं, शिक्षण संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में स्थापित सिद्धार्थ विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा उपलब्ध कराए कि यह विश्व प्रसिद्ध हो सके। राज्य सरकार इसकी कार्य योजना बना रही है।

UPCM ने कहा कि सिद्धार्थनगर में सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए यहां की सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, इसे विभिन्न जनपदों से जोड़ा जाएगा, ताकि लोग आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंच सकें।

इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टण्डन, खेल मंत्री चेतन चौहान, अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage