UPCM ने गोरखपुर में निर्माणाधीन प्राणि उद्यान एवं प्रेक्षागृह का निरीक्षण किया

गोरखपुर (25 दिसम्बर, 2018)।
UPCM ने जनपद गोरखपुर में निर्माणाधीन प्राणि उद्यान का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राणि उद्यान के निर्माण कार्यों को जून 2019 तक गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राणि उद्यान का लेआउट प्लान देखा और कहा कि कार्य मानक अनुरूप एवं निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत पूर्ण होने चाहिए। उन्होंने प्राणि उद्यान का भ्रमण कर निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन किया।

UPCM ने कहा कि यह प्राणि उद्यान आधुनिक तकनीक के माध्यम से विकसित किया जा रहा है। यहां बड़ी संख्या में पशु-पक्षी रखे जाएंगे। प्राणि उद्यान में पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमोत्तर बिहार एवं नेपाल से सम्बन्धित पशु पक्षी भी होंगे, ताकि प्रकृति के प्रति आमजन अधिक जागरूक हो सकें। उन्होंने कहा कि गोरखपुर प्राणि उद्यान, पूर्वी उत्तर प्रदेश के मनोरंजन एवं ज्ञानोपार्जन हेतु काफी उपयोगी होगा और आमजन को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्राणि उद्यान को विकसित करना सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है।

UPCM को इस अवसर पर अधिकारियों ने अवगत कराया कि गोरखपुर प्राणि उद्यान लगभग 121 एकड़ एरिया में निर्मित होगा, यहां 31 बाड़े बनेंगे और पब्लिक सुविधा, पशु पक्षियों को बेहतर रख-रखाव, पार्किंग आदि की बेहतर व्यवस्था होगी। कर्मचारियों हेतु काॅलोनियां तैयार की जा रही हैं। UPCM ने कार्याें में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत पूर्ण करने का निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, UPCM ने प्रेक्षागृह का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री आशुतोष टण्डन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








