मुख्यमंत्री के साथ 50 हजार लोगों ने गाया वंदे मातरम, विश्व रिकॉर्ड बना

लखनऊ
ऐतिहासिक चौरी-चौरा महोत्सव का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ 50 हजार लोगों ने एक साथ वंदे मातरम गाकर विश्व रिकार्ड बनाया। उल्लेखनीय है कि बुधवार से ही विश्व रिकार्ड बनाने का यह अभियान शुरू हो गया था। ऐतिहासिक कांड के शताब्दी वर्ष महोत्सव का 11 बजे ऑनलाइन शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया।
चार फरवरी 1922 को पूरी दुनिया में चौरी चौरा की गूंज सुनाई दी थी। अंग्रेजी हुकूमत का अत्याचार बढ़ता जा रहा था ऐसे में चौरा-चौरी की धरती पर जुलूस निकाल रहे क्रांतिकारियों के खून से जमीन लहुलुहान हुई तो गुस्साई भीड़ ने थाने पर धावा बोलकर उसे आग के हवाले कर दिया। इस घटना में 11 क्रांतिकारी शहीद हो गए थे, और 22 पुलिसकर्मी भी मारे गए। चौरी-चौरा कांड भारतीय इतिहास में अमिट अध्याय के तौर पर जुड़ गया। घटना से आहत महात्मा गांधी ने असहयोग आंदोलन वापस ले लिया था।








