जोन 3: एलडीए ने सरोजनीनगर में अवैध प्लाटिंग पर चलाया बुलडोजर

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में गुरूवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने सरोजनीनगर क्षेत्र में एक अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि अतुल यादव व अन्य द्वारा सरोजनीनगर के ग्राम-अमौसी में पानी की टंकी के पास लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इस अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।
जिसके अनुपालन में सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता संजय शुक्ला द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से गुरूवार को अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी।
इस दौरान डेवलपर द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़कें, नाली, बाउन्ड्रीवाॅल आदि को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।








