हनुमान सेतु से समतामूलक चौराहे तक सीधे फर्राटा भरेंगे वाहन, एक साथ शुरू होगा तीन पुलों का निर्माण 

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने महत्वपूर्ण परियोजनाओं के सम्बंध में अधिकारियों व अभियंताओं के साथ की बैठक
ग्रीन काॅरिडोर परियोजना के द्वितीय चरण के अंतर्गत कार्यों ने पकड़ी गति, साॅइल टेस्टिंग व ड्राइंग/डिजाइन तैयार, फाइनल रिपोर्ट मिलते ही 10 मई से शुरू होगा पुलों का निर्माण
भीषण गर्मी व हीटवेव के मद्देनजर उपाध्यक्ष ने खुली साइटों पर श्रमिकों से सुबह व शाम की शिफ्ट में कार्य कराने के दिये निर्देश
ग्रीन काॅरिडोर परियोजना के दूसरे चरण के अंतर्गत हनुमान सेतु से समतामूलक चौराहे तक वाहन सीधे फर्राटा भरेंगे। इसके लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण ने हनुमान सेतु, निशातगंज व कुकरैल पर तीन नये पुलों के निर्माण की दिशा में काम शुरू कर दिया है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने गुरूवार को महत्वपूर्ण परियोजनाओं के सम्बंध में अधिकारियों व अभियंताओं के साथ बैठक की।
इसमें अवगत कराया गया कि 2-लेन व 4-लेन पुलों के निर्माण के लिए मिट्टी का परीक्षण करा लिया गया है। इसके अलावा पुलों की ड्राइंग/डिजाइन भी तैयार करा ली गयी है, जिसकी फाइनल रिपोर्ट अगले महीने तक मिल जाएगी। इस पर उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि आगामी 10 मई से एक साथ तीनों पुलों का निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। इसके लिए अगर ट्रैफिक डायवर्जन की आवश्यकता हो तो उसका प्लान भी पहले से तैयार करा लिया जाए, जिससे कि उक्त रास्तों से गुजरने वाले लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। वहीं, ग्रीन काॅरिडोर परियोजना के प्रथम चरण के अंतर्गत गऊ घाट पर बनाये गये पुल को लेकर उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि पुल के नीचे खाली हिस्से में लैंड स्केपिंग का कार्य कराते हुए पौधे लगवाए जाएं।
हीटवेव से बचाव को श्रमिकों से सुबह व शाम की शिफ्ट में लें काम
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने अभियंताओं व ठेकेदारों से कहा कि भीषण गर्मी व हीटवेव के मद्देनजर श्रमिकों का भी ध्यान रखना है। इसलिए खुली साइटों पर श्रमिकों से सुबह 7 से 12 बजे व शाम को 5 से 9 बजे की शिफ्ट में काम कराया जाए, साथ ही उनके लिए पीने के साफ पानी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए। इस दौरान उपाध्यक्ष ने बटलर झील में कराये जा रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कैफेटेरिया के निर्माण में लोहे के ढांचे का उपयोग न किया जाए, बल्कि इसकी जगह लैमिनेटेड वुडेन वर्क कराया जाए। साथ ही गजीबो व पाथ-वे आदि के निर्माण में तेजी लायी जाए।
घंटा घर पर तैनात किये जाएंगे गार्ड
बसन्तकुंज योजना के सेक्टर-आई में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित किये गये जा रहे 4512 भवनों में से 3800 भवनों का काम पूरा हो चुका है। उपाध्यक्ष ने शेष भवनों का कार्य 15 मई तक पूर्ण कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के साथ ही साथ योजना के पार्कों को भी विकसित करा लिया जाए। पार्कों मेें आकर्षक लैंड स्केपिंग कार्य के साथ सुंदर पेड़-पौधे लगाए जाएं। इसी तरह स्मार्ट रोड कम्पोनेंट के अंतर्गत लालबत्ती चौराहे पर कराये जा रहे समस्त कार्य 5 मई तक पूर्ण करा लिए जाएं। वहीं, हेरिटेज जोन में निर्मित किये जा रहे फूड कोर्ट व म्यूजियम ब्लाॅक को लेकर भी उपाध्यक्ष ने समय सीमा निर्धारित करते हुए कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये। वहीं, फ्रैगरेंस पार्क आदि कार्यों की समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष ने कहा कि घंटा घर के पास सुरक्षा के लिए पूर्व सैनिकों को तैनात किया जाए।
बैठक में सचिव विवेक श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह, पी0आई0यू0 के प्रभारी ए0के0 सिंह सेंगर, अधिशासी अभियंता मनोज सागर, संजीव कुमार गुप्ता, अजीत कुमार एवं अजय गोयल समेत अन्य अधिकारी व कार्यदायी फमों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage