UPCM बोले मां सुपर PM थी, फिर भी Rahul को 10 साल तक याद नहीं आई गरीबों की
वाराणसी (26 मार्च, 2019) UPCM ने वाराणसी के मिंट हाउस- कटिंग मेमोरियल पर आयोजित विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर तीखा हमला किया। उन्होंने राहुल गांधी की कांग्रेस की सरकार बनने पर गरीबों को सालाना 72 हजार रुपए देने की घोषणा पर कहा कि उन्हें दस साल तक गरीबों की याद नहीं आई, जबकि उनकी मां सुपर पीएम थीं और वे खुद सरकार के काम में दखल दिया करते थे। UPCM ने राहुल से सवाल किया कि 2004 से 2014 तक कांग्रेसनीत यूपीए सरकार ने गरीबों की खुशहाली के लिए काम क्यों नहीं किया?
UPCM ने राहुल गांधी की प्रस्तावित न्यूनतम आय गारंटी योजना के मुकाबले आयुष्मान भारत योजना को रखा और कहा कि इस अकेली योजना से गरीबों को साल में 5 लाख रुपए तक का इलाज निशुल्क मिलता है। UPCM ने केंद्र सरकार की योजनाओं आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, उज्जवला योजना, डिजीटल इंडिया, स्टैंड अप इंडिया आदि का जिक्र करते हुए बताया कि यह सारी योजनाएं गरीबों की जीवन स्तर में सुधार के लिए हैं और इनका लाभ वंचित तबके को मिल रहा है। UPCM बोले कि मोदी सरकार ने विकास में भेदभाव नहीं किया। शासन की योजनाओं का लाभ गांव, गरीब और किसान, व्यापारी और महिलाओं को समान रूप से प्राप्त हुआ है। नए प्रोजेक्ट लाकर युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है।
UPCM ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, लोकसभा चुनाव का संदेश भी इतना ही विशाल होना चाहिए जिसका संदेश उत्तर प्रदेश से जाएगा। देश में 543 सीटों पर लोकसभा का चुनाव हो रहा है, जिनमें 542 सीटों के मतदाता अपना सांसद चुनेंगे, केवल एक ही सीट वाराणसी के मतदाताओं को सीधे प्रधानमंत्री चुनने के लिए वोट देने का अवसर मिल रहा है। हर काशीवासी को अपने सांसद पर गर्व है। उन्होंने कहा PM-मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत लगभग हर क्षेत्र मे अग्रणी बना है। भारत आज दुनिया में सामरिक-आर्थिक महाशक्ति के रूप में जाना जाता है।
UPCM ने वाराणसी में हुए प्रवासी सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें शामिल हुए लोग काशी का कायाकल्प देखकर अभिभूत थे। उन्होंने इस संदर्भ में कहा कि मोदीजी के ही मार्गदर्शन में कुंभ का आयोजन अत्यधिक सफल और निर्विघ्न संपन्न हुआ। उन्होंने कुंभ की सफलता के आंकड़े गिनाते हुए कहा कि 2013 में हुए महाकुंभ में 12 करोड़ लोग कुंभ में शामिल हुए थे जबकि 2019 के कुंभ में 22 करोड़ लोग आए, 2013 के महाकुंभ में भगदड़ की वजह से श्रद्धालु मौत का शिकार हुए थे वहीं इस कुंभ में कोई अड़चन नहीं आई। उन्होंने 2013 में मॉरीशस के प्रधानंत्री के महाकुंभ में आने लेकिन स्नान नहीं करने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि 2019 के कुंभ में भी मॉरीशस के मुख्यमंत्री आए और उन्होंने गंगा का साफ पानी देखकर संगम में स्नान किया, साथ ही आयोजन की व्यवस्था व स्वच्छता की तारीफ की। उन्होंने अपने भाषण में प्रयाग के ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व के अक्षय वट का भी विशेष उल्लेख किया। UPCM ने पूर्व की सरकारों से सवाल पूछा कि वह क्या कारण था जिसकी वजह से आजादी के बाद से श्रद्धालुओं को अक्षय वट के दर्शन से वंचित रखा गया।
उन्होंने कुंभ के दौरान ही 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफाई कर्मियों के पैर धोने को पौराणिक दर्शन से जोड़ा और इसे सामाजिक समता का उदाहरण बताया। UPCM ने नमामि गंगे परियोजना को जल मार्ग विकसित करने की प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के नए-नए अवसर बनेंगे और मल्लाहों व निषाद जाति के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। योगीजी ने जानकारी दी कि गंगा में चलनेवाली नावों को सीएनजी और पीएनजी से लैस करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
UPCM ने कांग्रेसी शासनकाल की खामियां बताते हुए कहा कि राजीव गांधी कहते थे- केंद्र सरकार 100 रुपए भेजती है, तो जनता तक पहुंचते हुए 10 रुपए ही बाकी रह जाते हैं। इससे उनकी लाचारी साबित होती है। UPCM ने कहा कि नरेंद्र मोदी लाचार प्रधानमंत्री नहीं हैं। उनकी नीतियों से कांग्रेस के एजेंटों को सफाया हो गया है। मुख्यमंत्री ने सभा में उपस्थित सभी लोगों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अभिनंदन किया।
कांग्रेसनीत यूपीए के शासन काल में भारत दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था था। मोदी सरकार में भारत छठें स्थान पर आ गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मोदीजी के फिर से प्रधानमंत्री बनने पर भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
सभा में उत्तरप्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य लक्ष्मण आचार्य, राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी, विधान परिषद के सदस्य केदारनाथ सिंह, विधायक रविंद्र जायसवाल, नीलरतन पटेल, काशी क्षेत्रीय भाजपा अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा समेत महापौर मृदुला जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।