UPCM ने वाराणसी में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की

उत्तर प्रदेश (वाराणसी)।
UPCM ने वाराणसी में जनपद के लिए संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए इनको युद्धस्तर पर अभियान चलाकर पूरा करने के निर्देश मण्डलायुक्त को दिए। साथ ही, उन्होंने इनकी माॅनीटरिंग के भी निर्देश दिए। वाराणसी की सफाई व्यवस्था सन्तोषजनक न होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि इसके लिए अब जिम्मेदारी तय होगी। उन्होंने वाराणसी में हर हालत में स्वच्छता सुनिश्चित कराए जाने पर जोर देते हुए सफाई एवं कूड़े की उठान हेतु शनिवार से युद्धस्तर पर अभियान चलाये जाने के निर्देश नगर आयुक्त को दिए।

UPCM ने निर्देश दिए कि किसी भी पार्क अथवा सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा जमा न हो। साथ ही, उन्होंने गंगा घाटों पर रोजाना सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले लोगों को शहर के साफ होने का एहसास होना चाहिए। वाराणसी में सीवरेज एवं पेयजल व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अब इसके लिए लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
UPCM ने नगर आयुक्त को शहर की सभी स्ट्रीट लाइट को कार्यशील रखने के साथ-साथ 10 हजार नई स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र लगवाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सड़कों की मरम्मत के साथ-साथ उन्हें गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर लगे अनावश्यक विद्युत खम्भों को हटवाया जाए और वाराणसी की थीम पर जगह-जगह वाॅल पेटिंग आदि कराकर शहर को संवारा जाए। उन्होंने गोइठहा में निर्मित सीवरेज ट्रीटमेन्ट प्लान्ट की 142 कि.मी. लम्बी लाइन के डीसिल्टिंग कार्य में डेढ़-दो माह की अवधि लगने की जानकारी मिलने पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर इस कार्य को शीघ्र पूरा कराये जाने के निर्देश दिए।
UPCM ने दीनापुर एवं रमना सीवरेज ट्रीटमेन्ट प्लाण्ट के निर्माण कार्य को त्वरित गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मण्डलायुक्त को सीवरेज ट्रीटमेन्ट प्लाण्ट के निर्माण कार्य की प्रगति की रोजाना माॅनीटरिंग करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाराणसी-बाबतपुर मार्ग में निर्माणाधीन 4-लेन सड़क को आगामी 10 जुलाई तक पूर्ण कराया जाए। उन्होंने लालबहादुर शास्त्री अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से यात्रियों की सुविधा हेतु एयरकण्डीशण्ड सिटी बस चलाये जाने हेतु कार्ययोजना बनाये जाने के निर्देश मण्डलायुक्त को दिए।

UPCM ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस अधिकारियों को शहर के सभी नाकों, टोलों एवं चैराहों आदि पर होने वाली अवैध वसूली को व्यक्तिगत रुचि लेते हुए प्रत्येक दशा में बन्द कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर पूरी तरह शिकंजा कसा जाए और जेलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने वाराणसी की यातायात व्यवस्था में शीघ्र सुधार लाए जाने हेतु आई.जी. विजय सिंह मीणा को निर्देशित किया।
इस अवसर पर नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनिल राजभर, सूचना राज्यमंत्री डाॅ. नीलकंठ तिवारी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त डाॅ. अनूप चन्द्र पाण्डेय, अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








