UPCM मंत्रिमंडल के चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने KGMU के महिला छात्रावास और अन्य भवनों का लोकार्पण किया

उत्तर प्रदेश।
UPCM मंत्रिमंडल के चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने किंग जाॅर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ के प्रांगण में नवनिर्मित 06 मंज़िला छात्रावास व टाइप-5 के 36 आवास ‘बी‘ ब्लाॅक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि इस महिला छात्रावास की निर्माण कार्य की स्वीकृत लागत 19.29 करोड़ रूपये है। उन्होंने बताया कि महिला छात्रावास भवन की क्षमता U.G. ब्लाॅक की 110 सीटर कक्ष और P.G. ब्लाॅक की 68 सीटर कक्ष की है। इस भवन के निर्माण से इसमें रहने वाली छात्राओं को एक साफ-सुथरा वातावरण मिले और उन्हें घर जैसी अनुभूति मिले ऐसा प्रयास किया गया है।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा विभाग UPCM सरकार के आने पर तेज़ी से कार्य कर रहा है। आज़ादी के बाद अब तक 13 मेडिकल काॅलेज बने। प्रदेश सरकार अगले दो-तीन साल में 13 नये मेडिकल काॅलेज बनाने जा रही है। फ़ैज़ाबाद, बस्ती, बहराइच, फ़िरोज़ाबाद व शाहजहांपुर ज़िला चिकित्सालयों को उच्चीकृत कर मेडिकल काॅलेज के निर्माण कार्य चल रहा है। इसी माह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मिर्ज़ापुर मेडिकल काॅलेज का शिलान्यास किया है। उन्होंने कहा कि केजीएमयू में ई-हाॅस्पिटल योजना के प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है, अन्य संस्थानों में सितम्बर 2018 तक कार्य शुरू करा दिया जायेगा।

प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डाॅ. रजनीश दुबे ने कहा कि निर्माण कार्यों में हर स्तर पर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाये इसके साथ ही निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराया जाये। उन्होंने कहा कि फैकल्टी से सम्बन्धित रिक्त पदों के लिए यथा समय प्रस्ताव भेजे जाये।
कार्यक्रम में कुलपति केजीएमयू प्रो. M.L.B. भट्ट, डीन प्रो. विनीता दास, प्रो. शादाब अहमद, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एस. एन. शंखवार, छात्र व चिकित्सक उपस्थित रहे।








