UPCM ने एटा में 74 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

एटा (26 फरवरी, 2019)।
UPCM ने जनपद एटा में 21684 लाख रुपए की लागत के राजकीय एलोपैथिक मेडिकल काॅलेज का शिलान्यास किया। उन्होंने 39580 लाख रुपए की लागत की कुल 74 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
UPCM ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, सौभाग्य योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, एक जनपद एक उत्पाद, पीएम मुद्रा योजना, कौशल विकास मिशन आदि योजनाओं के जिलेे के 18 पात्र लाभार्थियों को चेक, जाॅब ऑफर लेटर, सम्मान पत्र वितरित किए।

UPCM ने सैनिक पड़ाव में आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि सामान्य अस्पतालों में उपचार तो मिल जाता है, लेकिन मेडिकल काॅलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलने से गम्भीर बीमारियों के इलाज हो सकेगा। साथ ही, एटा के आसपास के जिलों के लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। यह मेडिकल काॅलेज वर्ष 2021 में पूरा होगा और यहां से तैयार चिकित्सक प्रदेश, देश और दुनिया में चिकित्सा सेवा के जरिए जनपद एटा का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने जनपद में मेडिकल काॅलेज की स्थापना हेतु राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के महत्वपूर्ण मार्गदर्शन की चर्चा की।
UPCM ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के गरीबों को आवास, शौचालय, निःशुल्क विद्युत एवं गैस कनेक्शन तथा किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ देकर रामराज्य की परिकल्पना को पूरा करने का काम किया है, जिससे गरीबों के चेहरों पर आज मुस्कुराहट दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि विकास की सोच को प्रदेश में युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत बिना किसी भेदभाव के गरीबों, जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। लघु एवं सीमांत किसानों को ‘किसान सम्मान निधि योजना’ के तहत प्रथम किश्त के रूप में 2 हजार रुपए की धनराशि उनके खातों में विगत 24 फरवरी को ट्रांसफर की गई है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर देते हुए कहा कि शीघ्र ही जनपद स्तर पर डायलिसिस की सुविधा अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, 03 लाइफ सपोर्ट एम्बुलेन्स उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही, मेडिकल मोबाइल वैन भी मुहैया कराई जाएगी।

UPCM ने इस अवसर पर 8571 लाख रुपए की 34 परियोजनाओं का लोकार्पण और 31008 लाख रुपए की लागत की 40 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि विकास एवं निर्माण कार्याें से एटा जिला विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त करने में अग्रसर होगा। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार कार्य कर रही है। केन्द्र सरकार ‘मोदी है तो मुमकिन है’ की बात को साकार कर रही है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि जनपद एटा के लिए मेडिकल काॅलेज मिलना बड़ा ही खुशी का अवसर है। केन्द्र सरकार द्वारा प्रदेश में जनपद एटा सहित कुल 13 राजकीय मेडिकल काॅलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जहां मरीजों को सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं मिलेंगी। आयुष्मान भारत योजना के तहत भी केन्द्र सरकार द्वारा अच्छा कार्य करते हुए 10 करोड़ 74 लाख परिवारों को 5 लाख रुपए तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा दी गई है।
प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा एवं प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि वर्ष 2021 में इस मेडिकल काॅलेज के शुरू होने से जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। साथ ही, जनपद में चिकित्सकों की कमी को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।
सांसद राजवीर सिंह राजू भइया ने कहा कि जिले में राजकीय मेडिकल काॅलेज की सौगात के लिए जनपदवासी सदैव प्रधानमंत्री एवं UPCM के प्रति आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ नीति के तहत जाति, धर्म, वर्ग के भेदभाव के बिना सभी जरूरमंद गरीब, कमजोर, पिछड़े तबके के लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर UPCM एवं केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री को शाॅल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








