UPCM ने सोनभद्र के जिला अस्पताल का निरीक्षण कर CMO को सफाई कराने के निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश (सोनभद्र)।
UPCM ने जनपद सोनभद्र के भ्रमण के दौरान जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला अस्पताल परिसर की साफ-सफाई को देखा और मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पताल की सफाई कराने के निर्देश दिए। इस दौरान UPCM मरीजों से मिले और उनसे सरकार द्वारा उपलब्ध करायी जा रही जन स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

UPCM ने इमरजेंसी वाॅर्ड, महिला/पुरुष वाॅर्ड, एन.आर.सी. सेन्टर, पंजीकरण सेन्टर, दवा वितरण केन्द्र, दवा भण्डारण, एक्सरे की व्यवस्था, पैथोलाॅजी व्यवस्था, सांप व कुत्ते के काटने पर लगाये जाने वाले इजेक्शन की उपलब्धता के साथ ही, जिले में डाॅक्टरों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जिले में डाॅक्टरों की कमी को दूर करने के लिए दो दिन के अन्दर मांग-पत्र शासन को भेजने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारी को दिये।

UPCM ने कहा कि जिला अस्पताल में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता के साथ ही, जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा उपकेन्द्रों पर दवाओं का पर्याप्त भण्डारण बनाए रखा जाए। मरीजों को किसी भी हाल में बाहर की दवा न लिखी जाए। उन्होंने ‘102’ व ‘108’ एम्बुलेंस सेवा को तत्परता के साथ क्रियाशील रखते हुए जन स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश भी सम्बन्धित अधिकारियों को दिए।

कार्यक्रम में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, ग्राम्य विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. महेन्द्र सिंह, भूतत्व एवं खनिकर्म राज्य मंत्री अर्चना पाण्डेय और विधायकगण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage