UPCM ने सोनभद्र के नवनिर्मित स्मार्ट क्लास का उद्घाटन कर विद्यालय का निरीक्षण किया

उत्तर प्रदेश (सोनभद्र)।
UPCM ने जनपद सोनभद्र के भ्रमण के दौरान प्राथमिक विद्यालय पटवध-प्रथम परिसर में नवनिर्मित स्मार्ट क्लास का फीता काटकर उद्घाटन किया और विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने विद्यालय में स्थापित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया और बच्चों से बातचीत भी की।
इस मौके पर UPCM ने स्मार्ट क्लास के बच्चों से मुलाकात की और उनसे पढ़ाई की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की पढ़ायी-लिखायी पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, यूनीफाॅर्म इत्यादि भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि सोन स्कूल कायाकल्प-शिक्षा का संकल्प, सोन पढ़ेगा-सोन बढे़गा कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि जनपद में शिक्षा का प्रसार हो सके। उन्होंने कहा कि सोनभद्र जनपद का विकास आकांक्षात्मक जिले से विकसित जिले के रूप में किया जाए।

UPCM ने प्राथमिक विद्यालय पटवध-प्रथम में आयोजित समारोह का दीप जलाकर शुभारम्भ किया। इस मौके पर उन्होंने मिशन सोन स्वावलम्बन पुस्तिका का विमोचन भी किया। मिशन सोन स्वावलम्बन के तहत गरीब महिलाओं के आजीविका संवर्द्धन के लिए सिलाई मशीन प्रदान कीं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रतीक के रूप में 01 करोड़ रूपये का चेक आजीविका निवेश निधि के तहत प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को सोलर लाइट भी वितरित कीं।

UPCM ने इस मौके पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार एक वर्ष में 8 लाख 85 हजार से अधिक आवास पात्र गरीबों को दे चुकी है। सोनभद्र जिले में 22 हजार आवास स्वीकृत हैं, जिसमें से 20 हजार आवास बन चुके हैं। जनपद के 535 गांवों को O.D.F घोषित किया जा चुका है और 55 हजार से अधिक शौचालय भी बन चुके हैं।

UPCM ने कहा कि विगत लगभग एक वर्ष की अवधि में 365 मजरों का विद्युतीकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सोनभद्र जिले के अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, सामान्य वर्ग के नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत शिक्षा दी जाए। शिक्षा का स्तर उठाने के लिए कारगर कदम उठाए जाएं।
UPCM ने कहा कि शिक्षित व्यक्ति अपना विकास स्वतः कर सकता है। प्रदेश में 01 करोड़ 77 लाख से अधिक बच्चों का दाखिला परिषदीय स्कूलों में हुआ है, जिन्हें बेहतर शिक्षा दी जायेगी। सभी समुदाय के बच्चों को छात्रवृत्ति के लिए प्रदेश सरकार ने पर्याप्त धनराशि जारी कर दी है। प्रदेश सरकार वर्ष 2017 से सत्ता में आने के बाद से लगातार प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है। 23 लाख से ज्यादा अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के बच्चों को शिक्षा देने के साथ ही उनकी बेटियों की शादी सरकार के खर्चे पर की जा रही है।

UPCM ने कहा कि सोन स्कूल कायाकल्प कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी सहयोग, पात्रता के आधार पर यूनिसेफ और पीरामल फाउण्डेशन व शिव नाडर फाउण्डेशन से तकनीकी सहयोग प्राप्त करते हुए विद्यालयों को स्वच्छ रखने के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने जनपद में सोलर पैनल निर्माण प्लाण्ट स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सोनभद्र में सोलर पैनल निर्माण प्लाण्ट प्रदेश का पहला व देश का दूसरा सोलर पैनल निर्माण प्लाण्ट होगा।
कार्यक्रम में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, ग्राम्य विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. महेन्द्र सिंह, भूतत्व एवं खनिकर्म राज्य मंत्री अर्चना पाण्डेय और विधायकगण मौजूद रहे।








